August 19, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    दुर्ग

    दुर्ग (5017)

      दुर्ग / शौर्यपथ / विधानसभा निर्वाचन-2023 में निर्वाचन कार्य में संलग्न/अधिग्रहित किये गये यात्री वाहन सहित अन्य श्रेणी के वाहनों के प्रस्तुत देयकों के परीक्षण उपरांत अंतिम रूप से भुगतान की कार्यवाही किया जाना है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एवं यातायात प्रभारी (निर्वाचन) से प्राप्त जानकारी अनुसार देयक भुगतान पूर्व किसी भी प्रकार की आपत्ति होने पर तथ्यात्मक रूप से लिखित आवेदन 08 फरवरी को सायं 5.00 बजे तक जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, दुर्ग के यातायात शाखा में श्री विनय देवांगन, राजस्व निरीक्षक, मो.नं. 8889618596 के पास जमा करना होगा। निर्धारित तिथि उपरांत भेजे जाने वाले आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

    दुर्ग / शौर्यपथ / जिला चिकित्सालय दुर्ग में 27 जनवरी 2024 को स्त्री रोग विभाग में कुल 23 सिजेरियन प्रसव (सीजर डिलीवरी) एवं 15 नार्मल डिलीवरी संपादित की गई है। इस प्रकार एक दिवस (24 घण्टे में) कुल 38 डिलीवरी कराई गई है। जिला चिकित्सालय दुर्ग में डिलीवरी की संख्या अब मेडिकल कॉलेज स्तर के डिलीवरी की संख्या के समकक्ष है तथा अत्यधिक डिलीवरी से यह प्रदर्शित होता है कि लोग जिला चिकित्सालय दुर्ग के स्त्री रोग विभाग के सेवाओं से संतृष्ट है।
       सिविल सर्जन डॉ ए.के. साहू से मिली जानकारी के अनुसार 23 सिजेरियन डिलीवरी कराने में डॉ स्मिता सिन्हा स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ बसंत चौरसिया निःश्चेतना विशेषज्ञ एवं उनकी टीम एवं स्टॉफ नर्स बिन्दू, रजनी एवं श्रीमती यशोदा तथा नार्मल प्रसव हेतु लेबर कक्ष में कार्यरत चिकित्सक एवं स्टॉफ नर्स, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की अहम भूमिका रहीं।

      दुर्ग / शौर्यपथ / जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आज कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। जिले में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर सुश्री चौधरी ने योजना अंतर्गत आवेदन लेने की प्रक्रिया जारी रखने कहा। उन्होंने धमधा, अमलेश्वर और पाटन नगर पंचायत में योजना अंतर्गत प्रगति लाने संबंधित सीएमओ को निर्देशित किया। कलेक्टर ने सभी नगर निगम आयुक्त, नगर पंचायत के सीएमओ और जनपद सी.ई.ओ. को योजना अंतर्गत साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा है। समिति के सदस्य/सचिव जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के मुख्य महाप्रबंधक श्री हरिश कुमार सक्सेना द्वारा योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं योजना से संबंधित नियमों तथा प्राप्त आवेदनों के कार्यवाही संबंधी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि स्टेज-02 में प्राप्त 2185 (2096 शहरी एवं 89 ग्रामीण ) लंबित प्रकरणों को अनुमोदन उपरांत संबंधित बैंकों को प्रेषित की गई है। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने जिले के सभी बैंकों के साथ योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु 18 जनवरी 2024 को जिला पंचायत में बैठक आयोजित कर प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु बैंक शाखाओं को निर्देशित किया है। अधिकारियों द्वारा प्रकरणों का भौतिक निरीक्षण भी किया गया है। बैंक के आईएफएससी कोड पोर्टल में परिलक्षित न होने के संबंध में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं एनआईसी/सीएससी की बैठक में निराकरण किया गया है।  योजना अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों की चयनित सूची प्राप्त होने पश्चात् प्रशिक्षण की कार्यवाही संबंधित संस्थाओं द्वारा प्रारंभ की जाएगी। बैठक में नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत और जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के अधिकारी उपस्थित थे।

      दुर्ग / शौर्यपथ / राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के निर्वाण दिवस 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। शहीद दिवस पर भारत की स्वंतत्रता संग्राम में अपने प्राणों का आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में आज कलेक्टोरेट में दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी सहित अधिकारियों/कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को मौन श्रद्धांजली अर्पित किये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री गोकुल रावटे एवं श्रीमती योगिता देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री लवकेश ध्रुव एवं श्री महेश राजपूत सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

      दुर्ग / शौर्यपथ / कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में आज  कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग भी सम्मिलित हुए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य सड़कों पर हुई दुर्घटनाओं की रोड, थाना तथा सड़कवार रिर्पाेट्स की गहन समीक्षा की तथा चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की सड़कों में यातायात सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए विभिन्न सुझावों पर विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। इसमें विशेष रूप से सड़कों से अवैध कब्जे हटाना, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, रोड मार्किंग व गति नियंत्रक बोर्ड लगाना आदि शामिल है। कलेक्टर ने जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में यातायात जागरूकता बढ़ाने तथा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही ध्वनि प्रदुषण पर नियंत्रण हेतु प्रेशर हॉर्न व मोडिफाई साइलेंसर्स पर प्रवर्तन कार्यवाही करने तथा इसकी ब्रिकी पर नियंत्रण हेतु मैकेनिक्स एवं ऑटोपाटर््स विक्रेताओं पर भी सक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार सेंट्रल एवेन्यु रोड व राष्ट्रीय राजमार्ग दुर्ग-रायपुर में 1 तारीख से दोपहिया वाहनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा।
    कलेक्टर सुश्री चौधरी ने सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के द्वारा 2024 हेतु चिंहाकित ब्लैक स्पॉट्स की जानकारी ली। जिस पर डी.एस.पी. ट्रैफिक श्री सतीश ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2021, 22 एवं 23 में घटित मृत्युजन्य/संघातिक सड़क दुर्घटनाओं के आधार पर सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग  मंत्रालय द्वारा ब्लैक स्पॉट के लिए परिभाषित मानक अनुसार सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्युदर में कमी लाये जाने हेतु 8 दुर्घटनाजन्य सड़क खण्डों को वर्ष 2024 हेतु ब्लैक स्पॉट्स चिन्हांकित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि उपरोक्त सभी सड़कों पर सुधारात्मक कार्य हेतु सड़कों का भौतिक सत्यापन एवं दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा की गई है। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में चिन्हांकित जिले की 6 ब्लैक स्पॉट्स वाली सड़कों पर सुधारात्मक कार्य किए जाने के उपरांत मृत्युजन्य/संघातिक सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने से सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय द्वारा ब्लैक स्पॉट्स के लिए परिभाषित मानक अनुसार वर्ष 2024 हेतु ब्लैक स्पॉट्स की श्रेणी में नहीं आने के कारण सूची से हटाया गया है।
    कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले के संभावित दुर्घटना क्षेत्रों को चिन्हांकित कर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने हेतु राष्ट्रीय राजमार्गों को सहायक सड़कों से जोड़ने वाले पॉइंट पर गति अवरोधक रम्बल्ड स्ट्रिप बनाने को कहा। इस हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चिन्हांकित स्थानों में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने दुर्घटनाजन्य वाले स्थानों पर गति नियंत्रण के लिए जिगजैग, आवश्यक स्थानों पर साईन बोर्ड लगाने, रात्रि में अंधेरे की वजह से हो रही दुर्घटनाओं वाले स्थानों में प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
    बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने लोक निर्माण विभाग सेतू संभाग अंतर्गत नेहरू नगर, शिवनाथ नदी, नेवई ओवर ब्रिज में डिवाईडर का निर्माण कराए जाने,  समुचित प्रकाश व्यवस्था, जेल तिराहा से पुलगांव चौक तक रोड चौड़ीकरण एवं डिवाईडर का निर्माण कराये जाने, राजेन्द्र पार्क चौक एवं पटेल चौक पर फ्री लेफ्ट निर्माण करने, धमधा रोड चौड़ीकरण एवं चिखली से धमधा तक पड़ने वाले तीन पुलिया सक्रिय होने का बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं सड़क किनारे पड़ने वाले पेड़ों की छटाई करने का सुझाव दिया। बैठक में ए.डी.एम. श्री अरविन्द एक्का, आयुक्त नगर निगम भिलाई श्री देवेश ध्रुव, एस़डीएम पाटन श्री दीपक निकंुज, एसडीएम दुर्ग श्री मुकेश रावटे, डीएसपी यातायात श्री सतीश ठाकुर, आरटीओ श्री शैलाभ साहू सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

    - विधानसभा प्रश्नों का जवाब समय पर भेजे अधिकारी
    - धान खरीदी के अंतिम दिन नोडल अधिकारी उपार्जन केंद्रों का भ्रमण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें
    - प्रकरण लंबित रहने पर कलेक्टर ने लगाई अधिकारियों को फटकार

    दुर्ग / शौर्यपथ / कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक में निर्वाचन कार्य, राशन कार्ड नवनीकरण, धान खरीदी, राजस्व प्रकरणों के निराकरण की अद्यतन स्थिति, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, जनचौपाल और समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही प्रकरण लंबित रहने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई। कलेक्टर ने निर्वाचन कार्य अंर्तगत एएसडी की समीक्षा करते हुए संबंधित ईआरओ/एईआरओ को नगरीय निकाय/ग्राम पंचायतों से मतदाता की मृत्यु के संबंध में मृत्यु प्रमाण पत्र की जांच कराने के पश्चात् वास्तविक होने पर ही सूची से नाम हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार अनुपस्थित और स्थानांतरित मतदाताओं संबंधी कार्यों में भी प्रगति लाए। समीक्षा के दौरान कलेक्टर सुश्री चौधरी ने फोटो सामान प्रविष्टियां और जनसांख्यिकी प्रविष्टियां के तहसीलवार कार्यों पर संतोष व्यक्त की।
      उन्होंने लोकसभा निर्वाचन हेतु नियुक्त सेक्टर अधिकारियों को मतदान केन्द्रों के भ्रमण पश्चात् वल्नरेबिलिटी रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा। वहीं संबंधित पुलिस अधिकारी के साथ क्रिटिकल केन्द्रों का भी जानकारी उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टरों के मतदान केन्द्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाए। मतदान केन्द्रों के बाहर केन्द्र का नाम एवं क्रमांक उल्लेखित करवायी जाए। कलेक्टर ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन ड्यूटी हेतु अधिकारी-कर्मचारियों के डाटाबेस तैयार किया जाना है। विगत विधानसभा में तैयार डाटाबेस से स्थानांतरित कर्मचारियों की एन्ट्री हटाये जाने तथा अन्य प्रविष्टियां संबंधी डाटाबेस तैयार कर निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित कार्यालय प्रमुख की होगी।
    विधानसभा प्रश्नों का जवाब समय पर भेजे अधिकारी
        कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने कतिपय विभागों द्वारा विधानसभा के प्रश्नों का जवाब अभी तक नहीं भेजे जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय पर विधानसभा के प्रश्नों का जवाब भेजने के कड़े निर्देश दिए हैं।

    धान खरीदी की समीक्षा
        जिले के 102 धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की जा रही है। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अब तक 5,75,605 मेट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। जिसमें 4,38,276 मेट्रिक टन का उठाव उपार्जन केन्द्रों से हो चुका है। जिले के 1,10,762 पंजीकृत किसानों में से 1,04,555 किसान धान बेच चुके हैं। कलेक्टर सुश्री चौधरी ने जिले के उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव की स्थिति में सुधार लाने डी.एम.ओ. को निर्देशित किया है। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्रों के मॉनिटरिंग हेतु नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों को धान खरीदी के अंतिम तिथि को संबंधित उपार्जन केन्द्रों का भ्रमण कर धान उठाव हेतु कटे डी.ओ. की जानकारी एवं खरीदी व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए, ताकि उपार्जन केन्द्रों में अंतिम तिथि में धान की अफरा-तफरी ना हो सके। राशन नवीनीकरण के संबंध में अवगत कराया गया कि इस हेतु 98 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। साथ ही निर्धारित अवधि तक राशन कार्ड नवीनीकरण का कार्य पूर्ण कर लिये जाएंगे। कलेक्टर ने सभी एस.डी.एम. को राशन कार्ड नवीनीकरण कार्य में लोगों को परेशानियां ना हो, इस पर विशेष ध्यान रखने कहा है।

    आधार प्रविष्टियों के लिए हल्का पटवारियों को सौपे जिम्मेदारी
      कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने राजस्व प्रकरण, अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, वृक्ष कटाई, व्यवपर्तन एवं सीमांकन प्रकरणों की तहसीलवार अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रकरण लंबित होने पर बोरी, अहिवारा, दुर्ग एवं धमधा के अधिकारियों को कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष कटाई तथा निजी खातेदार/सह खातेदार आधार प्रविष्टियां हेतु हल्का पटवारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर जिम्मेदारी सौंपी जाए और कार्यों में प्रगति लाए।

    31 दिसम्बर 2023 तक के सभी लंबित प्रकरण निराकृत करें  
      कलेक्टर ने विभागवार समय-सीमा प्रकरण, पी.जी.एन. एवं जनचौपाल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि 31 दिसम्बर 2023 तक के सभी लंबित प्रकरण का निराकरण करना सुनिश्चित करें अधिकारी। उन्होंने प्रकरणों के लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कामधेनु विश्वविद्यालय, टाउन एण्ड कन्ट्री प्लानिंग, बीएसएनल, राष्ट्रीय राजमार्ग के वरिष्ठ अधिकारियोें को लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु प्राप्त पत्र प्रेषित करने नोडल अधिकारी शिकायत शाखा को निर्देशित किया। समीक्षा में बताया गया कि मुख्यमंत्री अन्य पत्र से संबंधित 4063 आवेदन, कलेक्टर जनचौपाल से संबंधित 5408 आवेदन तथा पी.जी.एन. से संबंधित 6088 आवेदन का निराकरण किया गया है।
        बैठक में नगर निगम भिलाई के आयुक्त देवेन्द्र धु्रव, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, नगर निगम रिसाली के आयुक्त आशीष देवांगन, अपर कलेक्टर गोकुल रावटे, श्रीमती योगिता देवांगन एवं बी.के. दुबे सहित सभी एस.डी.एम., सभी जनपद सी.ई.ओ. एवं जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

    दुर्ग/ शौर्यपथ / नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत वार्डों में साफ सफाई को लेकर आयुक्त लोकेश चन्द्राकर के द्वारा निरंतर वार्डों में निरीक्षण किया जा रहा है। 30 जनवरी मंगलवार को अल सुबह आयुक्त द्वारा वार्ड क्र. 29 गौरवपथ, वार्ड क्र 33 चंडी चौक व 34 शिव पारा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वार्डों में सड़क सफाई एवं नाली सफाई का कार्य देखा। साथ ही सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति भी चेक की। निरीक्षण में गलियों में एकत्रित कचरा न रहे तथा सड़कों पर भी सफाई निरन्तर किये जाने की बात कही। आयुक्त ने कहा समय पर सफाई कार्य संपादित करने के साथ ही वार्डों में  एकत्रित कचरे को तत्काल उठाये जाने निर्देश दिए।
      आयुक्त ने स्वास्थ अधिकारी जावेद अली को वार्डों में साफ सफाई पर विशेष फोकस दिये जाने के साथ ही कर्मचारी की उपस्थिति भी चेक करने कहा।उन्होंने कहा अधिकारी सहित वार्डो के सुपर वाइजर अपने-अपने प्रभार वार्डो के नालियों की संपूर्ण सफाई होने के बाद समय-समय पर नालियों की स्वच्छता पर नजर रखें व जहाँ कही कचरा एकत्रित होने की स्थिति बनती है उसकी पुनः सफाई कराये जाने के निर्देश दिये।निरीक्षण के मौके पर एम एम यू के कुणाल खंडेटकर,राहुल के अलावा नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अमला मौजूद रहें।

    भिलाईनगर/ शौर्यपथ / भिलाई नगर निगम क्षेत्र में शुद्व पेयजल आपूर्ति के लिए महापौर परिषद में चार नग उच्चस्तरीय जलागार निर्माण कार्य के लिए  दर की स्वीकृति प्रदान किया है।
       महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव की उपस्थिति में आहूत किया गया। भिलाई नगर निगम क्षेत्र में होने वाले पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 4 नग उच्च स्तरीय जलागार का निर्माण किये जाने हेतु निविदा में प्राप्त दर की स्वीकृति महापौर परिषद में प्रदान की है। भिलाई निगम के खुर्सीपार में 1500 कि.ली, सुपेला क्षेत्र में 1500 कि.ली, वैशाली नगर में 2000 कि.ली एवं केम्प-2 के क्षेत्रो में 3000 कि.ली. क्षमता का उच्च स्तरीय पानी टंकी का निर्माण किया जाना है। उक्त टंकी के निर्माण हो जाने से भिलाई के सभी क्षेत्रो में पेयजल की समस्या का स्थायी निदान हो सकेगा। जिन क्षेत्रो में कम फोर्स के साथ पानी प्राप्त हो रहे है, उसका भी समाधान होगा।
      बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, संदीप निरंकारी, चंद्रशेखर गंवई, मालती ठाकुर, नेहा साहू, मीरा बंजारे सहित जोन आयुक्त, विभाग प्रमुख उपस्थित थे।

    दुर्ग / शौर्यपथ / भिलाई इस्पात संयंत्र में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 143वीं तिमाही समीक्षा (ई) बैठक दिनांक 29 जनवरी 2024 को कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) श्री पवन कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सदस्य के रूप में समस्त कार्यपालक निदेशकगण तथा संयंत्र के सभी विभाग प्रमुखगण ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित थे।  

    इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) एवं कार्यकारी अध्यक्ष (राजभाषा कार्यान्वयन समिति) श्री पवन कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी को हमारे संविधान में राजभाषा का दर्जा प्राप्त है, हिंदी हमारे हृदय की भाषा है। अतः हिंदी हमारी राजभाषा ही नहीं, वरन यह हमारे देश की प्रमुख, सर्वप्रिय एवं राष्ट्रव्यापी भाषा है।

    उन्होंने कहा कि हिंदी में कार्यव्यवहार करना ना केवल हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है, वरन यह हमारे संयंत्र के समग्र निष्पादन में भी अत्यंत सहायक है। हमारा हर कार्मिक चाहे अधिकारी हो अथवा कर्मचारी हिंदी समझता है। हिंदी में कार्य करने से आत्मीयता बढ़ती है और अपनेपन की भावना आती है। अतः हमें अपना संपूर्ण वार्तालाप और सभी कार्य हिंदी में ही करना चाहिए।

    इस अवसर पर श्री पवन कुमार ने राजभाषा विभाग की ‘वार्षिक कार्य योजना’ का विमोचन किया तथा विभाग प्रमुखगण का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष भर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं एवं हिंदी के आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए हम अपने सभी साथियों को प्रेरित करें ताकि हिंदी का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार हो।

    बैठक में कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) श्री पवन कुमार ने राजभाषा विभाग की गृह पत्रिका ‘भिलाई भाषा भारती’ के ‘मेरी माटी-मेरा देश’ विशेषांक का भी विमोचन किया। पत्रिका ‘भिलाई भाषा भारती’ में भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत कार्मिकों द्वारा राष्ट्रप्रेम एवं हिंदी पर केन्द्रित स्वलिखित, मौलिक रचनाओं का समावेश किया गया है। श्री पवन कुमार ने कहा कि पत्रिका में प्रकाशित रचनाओं से पाठकों के हृदय में राष्ट्र के प्रति प्रेम, समर्पण एवं आदर की भावना सुदृढ़ होगी।

    इस अवसर पर उपस्थित मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएँ एवं निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व) श्री जितेन्द्र यादव सपकाले ने कहा कि हिंदी में कार्य करने से गौरव की अनुभूति होती है। नगर सेवाएँ विभाग का समस्त कार्यालयीन कार्य और विशेषकर पत्राचार पूर्णतः हिंदी में ही किया जाता है। नगर सेवाएँ विभाग को संयंत्र स्तर पर हिंदी में कार्य करने के लिए मिलने वाले वार्षिक पुरस्कारों से हिंदी में और भी बेहतर करने की प्रेरणा एवं बल मिलता है। हिंदी में समस्त कार्यालयीन कार्य करने का क्रम बनाए रखने नगर सेवाएँ विभाग संकल्पित है।       

    वरिष्ठ प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन) श्री शैलेन्द्र ढोके ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए हिंदी के प्रगामी प्रयोग को प्रोत्साहित करने हेतु समस्त विभाग प्रमुखगण का आभार व्यक्त किया और कहा कि आप सब के प्रयासों के फलस्वरूप हमने हिंदी में पत्राचार के प्रतिशत में वृद्धि दर्ज की है। हमें वृद्धि का यह क्रम जारी रखते हुए शत-प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त करना है।

    उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन-राजभाषा) श्री जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने विगत बैठक की कार्यसूची का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। तत्पश्चात शत-प्रतिशत हिंदी में पत्राचार करने वाले विभागों का उल्लेख कर आगामी तिमाही की कार्यसूची का वाचन किया तथा आभार प्रदर्शन किया।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision