August 19, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    दुर्ग

    दुर्ग (5014)

    दुर्ग / शौर्यपथ / मतदान की तारीख के करीब आते ही प्रत्याशियों की जनसंपर्क दौरा , चुनावी दौरा तेज हुआ . दुर्ग लोकसभा में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू लगातार दौरा कर आम जनता तक कांग्रेस की नीतिया एवं भाजपा के पिछले 10 सालो में किये गए वादा खिलाफी आम जनता को बता रहे .
      इसी कड़ी में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने नवागढ़ क्षेत्र का धुआंधार दौरा किया  एवं  कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर मामले में फेल हो गई : 10 साल से जनता से कर रहे वादाखिलाफी : न किसानों की आय दोगुना हुई, न 15-15 लाख मिले, किसानोंं की आय भी दोगुना नहीं हुई  
      कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने आज दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत बेमेतरा जिले में जनसंपर्क दौरा किया। बेमेतरा जिले के केंद्रीय कार्यालय की महत्वपूर्ण बैठक में राजेंद्र साहू ने उपस्थित वरिष्ठजनों से विचार विमर्श कर चुनावी रणनीति तय की। इस दौरान पूर्व मंत्री गुरु रूद्र कुमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बंशी पटेल, पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे, भिलाई की पूर्व महापौर नीता लोधी, सुरेंद्र तिवारी, विजय बघेल, शत्रुहन साहू, तिलक घोष, सुशीला जोशी, रामेश्वर साहू, रामबिहारी, अनीता पात्रे, शक्तिधर दीवान, राकेश जायसवाल, देवेंद्र साहू, अंजलि मार्कंडेय, नेमा निषाद, प्यारे साहू, वीरेंद्र साहू, दिनेश बघेल, लव राजपूत, लखन कुर्रे, बंशी ठाकुर, नरेश कुर्रे, द्वारिका सोनवानी, मुरारी साहू, अरमान साहू, रामाधार पाल उपस्थित रहे।
      राजेंद्र साहू ने नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई गांवों का दौरा करते हुए जनसंपर्क किया। विधानसभा क्षेत्र के गांव चारभाठा, ढोलिया, मंजगांव, पंडरभट्‌टा, पेंड्रीतराई, नरी, मुलमुला, भनसुली, नवागांव, जोगीदीप केसला, कटई, बदनारा, भदराली, मल्दा, मगरघटा, तरपोंगी, नांदघाट में ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात के दौरान उन्होंने कांग्रेस को वोट और समर्थन देने की अपील की। नवागढ़ में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ भी किया गया।
       नवागढ़ क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राजेंद्र साहू ने कहा कि पूरे देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। केंद्र की भाजपा सरकार बीते दस साल में हर मामले में फेल हो गई। न महंगाई कम हुई, न बेरोजगारी दूर हुई। झूठे वादे कर सत्ता संभालने वाली भाजपा ने देशवासियों के साथ वादाखिलाफी की। विदेश से काला धन लाने, हर नागरिक के बैंक खाते में 15 लाख देने, किसानों की आय दोगुना करने जैसे कई वादे किये गए थे, लेकिन ये वादे 10 साल बाद भी पूरे नहीं किये गए। देश की जनता अब राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती है। महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के हित में फैसले कांग्रेस ही कर सकती है। राजेंद्र साहू ने सभी गांवों मेंं कांग्रेस को वोट देकर देश के विकास में भागीदार बनने का आव्हान भी किया।

     दुर्ग / शौर्यपथ / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में भिलाई के सेक्टर 02 फुटबॉल मैदान में 18 अप्रैल की संध्या 7 बजे फ्रेंडली फुटबॉल मैच आयोजित की गई। मतदाता जागरूकता के अंतर्गत फ्ल्ड लाईट में खेेले गए रोमांचक मैच में आईजी, एसपी, भिलाई व दुर्ग निगम आयुक्त, जिला पंचायत सीईओ को मैदान में सधे हुए खिलाड़ियों की तरह खेलता देख दर्शकों ने तालियां से उनका उत्साहवर्धन करते रहे। मैच के समाप्ति पर कलेक्टर ने टीम के कप्तान तथा सदस्यों को पुष्प गुच्छ भेंटकर सम्मान किया।
          जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री चौधरी के निर्देश पर स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं नगर निगम भिलाई के सहयोग से सेक्टर 02 राजेश पटेल स्मृति फुटबॉल मैदान में मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत एक दिवसीय फ्रेंडली फुटबॉल मैच मतदान के नाम खेला गया। मैच का शुभारंभ कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने फुटबॉल पर किक मार कर किए। इसके पूर्व उन्होंने मैदान के बीच में कतार में खड़े भिलाई निगम अधिकारी इलेवन एवं जिला प्रशासन अधिकारी इलेवन के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस किये। 20 मिनट तक मैदान में फुटबॉल लेकर दोनों टीम एक दूसरे को छकाते रहे और पहला गोल जिला प्रशासन की टीम ने किया तो मैदान के चारों ओर बैठे दर्शकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहर्वधन करते रहे।
          मैच में आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, एसपी श्री जितेन्द्र शुक्ला, आयुक्त निगम भिलाई श्री देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ श्री अश्वनी कुमार देवांगन, दुर्ग निगम आयुक्त श्री लोकेश चन्द्राकर, अपर आयुक्त श्री अशोक द्विवेदी मैदान में जिस तरह से खेल रहे थे, उसे देख कर दर्शक दीर्घा में बैठे अधिकारी-कर्मचारी तथा नागरिकों ने प्रशंसा में ताली बजाकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किये। दूसरा मैच बीएमवाय चरौदा एवं अधिकारी इलेवन के बीच खेला गया। कार्यक्रम को सफल बनाने नगर पालिक निगम भिलाई के अधिकारी कर्मचारी के साथ ही सहायक संचालक खेल युवा कल्याण विभाग दुर्ग के कोच तथा रेफरी, जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रहे। मैदान के चारों ओर युवा खिलाड़ी तथा बच्चे मतदाता जागरूकता अभियान के बैनर पोस्टर दिखा कर 7 मई को मतदान अवश्य करने की अपील करते रहे।

    कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू की नामांकन रैली में शामिल हुए पूर्व सीएम बघेल सहित कई पूर्व मंत्री
    काठ की हंडी बार-बार नहीं चढ़ता एक बार धोखे से जीत गए अबकी हार सुनिश्चित - पूर्व सीएम बघेल  
     

      दुर्ग / शौर्यपथ / कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी राजेन्द्र साहू के पक्ष में पुरानी गंजमंडी गंजपारा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी। उन्होने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में झूठ के अलावा कुछ नहीं कहा है। राज्य की भाजपा सरकार की व्यवस्था बिगड़ गई है। अब जनता सब कुछ समझ गई है। अब वह भाजपा के वादे से गुमराह होनेवाली नहीं है। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रत्याशी राजेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे,पूर्व विधायक अरुण वोरा,महापौर धीरज बाकलीवाल, निर्मल कोसरे, पूर्व महापौर आरएन वर्मा के अलावा 9 विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे।
      विजय बघेल को खुद पर भरोसा नहीं- पूर्व सीएम भूपेश बघेल
       कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र साहू के नामांकन दाखिले उपरांत कलेक्ट्रेट में मीडिया से चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह है। कार्यकर्ता सम्मेलन में पाटन से नवागढ़ तक के कार्यकर्ता पहुंचे है। दुर्ग लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ता के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले राजेन्द्र साहू प्रत्याशी है। कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता इस चुनाव में अपने आप को प्रत्याशी मानकर कार्य रहे है। मुझे विश्वास है कि राजेन्द्र साहू इस चुनाव में भारी मतों से जितेंगे। भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल को इस चुनाव में खुद पर भरोसा नहीं रह गया है। इसलिए उन्हें स्व. ताराचंद साहू के नाम का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे स्पष्ट हो गया है कि वे चुनाव हार रहे है। पिछले बार भाजपा की जीत के सवाल का जवाब देते हर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि काठ की हंडी बार-बार नहीं चढ़ता। पिछले लोकसभा चुनाव में विजय बघेल एक बार धोखे से जीत गए थे,लेकिन इस बार उनकी हार सुनिश्चित है। श्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र साहू पाटन विधानसभा चुनाव में मेरे चुनाव संचालक थे। विधानसभा चुनाव में श्री साहू के संचालन में विजय बघेल को पराजय मिली थी,लोकसभा चुनाव मे ंभी श्री साहू उन्हें पटखनी देेंगे। श्री बघेल ने कहा कि कांग्रेस में सभी नेता एकजुट होकर कार्य कर रहे है। राजेन्द्र साहू मेरे गुरुभाई है। वे स्व. वासुदेव चंद्राकर के बड़े चेले थे। दुसरे नंबर में मेरा नाम आता है।  पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की एकतरफा जीत होगी।
      भाजपा के घोषणा पत्र पर पूर्व सीएम का पलटवार
      पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के घोषणापत्र को फेंकने वाला घोषणापत्र बताया है। उन्होने कहा कि 2014, 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा झूठे वादे ंकर सत्ता में आई थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के  पास अब फेकने के लिए कुछ बचा नहीं है। भाजपा का संकल्प पत्र शून्य है। संकल्प पत्र जारी होने के बाद से भाजपा खेमे में सन्नाटा छाया हुआ है। भाजपा के पास कहने को कुछ नहीं है। भाजपा ने चांवल में कटौती कर दी है। पहले 35 किलो मिलने वाला चांवल अब 5 किलो मिलेगा। श्री बघेल ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को सर्वहारा वर्ग का घोषणा पत्र बताया है। उन्होने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र से भाजपा घबरा गई है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में महालक्ष्मी नारी न्याय योजना, मनरेगा, शहरी क्षेत्र में मनरेगा की तर्ज पर रोजगार, स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर किसानों को उपज का मूल्य, ऋण माफी योजना, 30 लाख रिक्त पदों को भरने, घोटालों की जांच जैसी अन्य घोषणाएं शामिल है। जिसे लेकर मतदाता काफी उत्साहित है।
    बीएसपी ला बचाना है तो भाजपा ला हराना है ... राजेंद्र साहू
      नामांकन रैली के पूर्व सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने वर्तमान सांसद विजय बघेल पर खूब निशाना साधा . राजेंद्र साहू ने केंद्र सरकार की निजीकरण योजना का हवाला देते हुए सभा में बैठे कार्यकर्ताओ से एसीसी प्लांट जामुल के मालिकाना हक के बारे में चर्चा करते हुए बताया कि अगर आने वाले समय में भाजपा की सरकार रही तो देश का गौरव छत्तीसगढ़ की शान भिलाई स्टील प्लांट भी बिक जाएगी और पता नहीं चलेगा इसलिए अगर भिलाई प्लाट को बचाना है तो भाजपा को हराना है का नारा दिया जिसका मौजूद कार्यकर्ताओ ने पुरे उत्साह के साथ समर्थन किया . राजेंद्र साहू ने रेलगाड़ी के रद्द होने म स्वास्थ्य सुविधाओ ( सेक्टर ०९ हॉस्पिटल ) के मामले में वर्तमान सांसद की निष्क्रियता पर भी कडा प्रहार किया .

     दुर्ग / शौर्यपथ / दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल व कांग्रेस से राजेंद्र साहू में अपना नामांकन जमा किया राजेन्द्र साहू के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविंद्र चौबे भिलाई चरोदा के महापौर निर्मल कोसरे उपस्थित थे वहीं भाजपा के विजय बघेल ने आज अपने नामांकन का एक सेट भरकर जमा कर दिया। नामांकन के पहले सेट में दीपक ताराचंद साहू प्रस्तावक बने हैं। बघेल ने नामांकन का दूसरा सेट भी तैयार रखा है, जिसके प्रस्तावक पद्मश्री आर. एस बारले हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में एक सभा का आयोजन हुआ। नामांकन दाखिल करने से पूर्व सांसद विजय बघेल ने आज अपने निवास में कुल देवता और गौ माता की पूजा अर्चना कर आशीष प्राप्त किया। फिर धर्मपत्नी श्रीमती रजनी बघेल ने आरती उतारी और बड़ी बहनों ने बघेल को विजय तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया।
     
      घर निकल कर विजय बघेल उन्होंने संकट मोचन हनुमान मंदिर सेक्टर 9 एवं गायत्री मंदिर सेक्टर 6 में भाजपा समर्थक मंच छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित विजय संकल्प हवन में परिवारजनों के साथ शामिल होकर हनुमान जी एवं गायत्री माता की पूजा अर्चना कर जनसेवा हेतु आशीर्वाद प्राप्त किया।
      इससे पहले विजय बघेल ने दुर्ग में नामांकन रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री दयालदास बघेल, विधायक रिकेश सेन, ललित चंद्राकर, गजेंद्र यादव, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय, पुरुषोत्तम देवांगन, गौरीशंकर श्रीवास, प्रेमचंद देवांगन, विजय शुक्ला, महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, नेता प्रतिपक्ष भोजराम सिन्हा,
     दुर्ग शहर जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ,भिलाई शहर जिला भाजपा अध्यक्ष महेश वर्मा सहित कार्यकर्ताओ का हुजूम शामिल रहा .
    सभा में जमकर गरजे विजय बघेल ....
      नामांकन रैली के पूर्व सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल ने कहा कि यह चुनाव सांसद बनाने के लिए नहीं भारत को विश्व शिखर पर ले जाने के लिए है .दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी विजय बघेल ने आज अपने नामांकन का एक सेट भरकर जमा कर दिया है। नामांकन के पहले सेट में दीपक ताराचंद साहू प्रस्तावक बनें है। श्री विजय बघेल ने नामांकन का दूसरा सेट भी तैयार रखा है। जिसके प्रस्तावक पद्मश्री आर एस बारले है।
      इसके पहले दुर्ग मानस भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में एक भव्य सभा का आयोजन हुआ।नामांकन दाखिल करने से पूर्व सांसद विजय बघेल ने आज अपने निवास में कूल देवी-देवता की पूजा अर्चना की। इसके बाद घर से बाहर निकलते ही गौ माता की पूजा कर उन्हें हरा चारा, गूड़ खिलाया और गौ माता का आशीर्वाद लेकर नामांकन दाखिल करने के लिए घर से निकले। इससे पहले फिर बड़ी बहनों ने श्री बघेल को विजय तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद उन्होंने संकट मोचन हनुमान मंदिर सेक्टर 9 पहुंचे। जहां उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया। हनुमान जी की आराधना की और हनुमान जी को प्रमाण करके जय-जय श्रीराम का जयकारा लगाते हुए नामांकन दाखिल करने के लिए निकले।
    विजय के विजय के लिए विजय संकल्प हवन ज्ञय
      गायत्री मंदिर सेक्टर 6 में भाजपा समर्थक मंच छत्तीसगढ़ ने अपने सबसे लोकप्रिय नेता, सरल, सहज, विनम्र और जनता के हर दुख में शामिल होने वाले सबसे लाडले सांसद विजय बघेल को एक बार फिर से भारी मतो से जीतने, फिर से सांसद बनाने के लिए विजय संकल्प हवन यज्ञ का आयोजन किया। विजय संकल्प हवन यज्ञ में पंडितो ने मंत्रोचार करके यज्ञ को संपन्न करवाया और संतों ने विजय बघेल को विजय तिलक लगाकर विजयी भव: का आशीर्वाद दिया। जिसमें विजय बघेल परिजनों के साथ शामिल हुए।
    नामांकन रैली में भाजपा ने किया शक्ति प्रदर्शन
      विजय बघेल ने दुर्ग में नामांकन रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक रिंकेश सेन, ललित चंद्राकर, गजेन्द्र यादव, डोमन लाल कोर्सेवाडा, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय, दीपक साहू, ईश्वर साहू सहित गांव-गांव से आए हजारों भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
    विश्व शिखर पर ले जाने का चुनाव है
      सांसद विजय बघेल ने कहा कि नामांकन रैली में आशीर्वीद देने के प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित हुए है। यह कोई मामूली चुनाव नहीं है। यह चुनाव सांसद बनाने के लिए नहीं है। बल्की यह चुनाव है देश बनाने के लिए। राष्ट्र निर्माण केलिए, हमारे देश के मान, सम्मान और स्वाभिमान को वापस लाने के लिए, हमारे भारत को विश्व शिखर पर लेजाने के लिए।
      नामांकन रैली में दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित मिश्रा ,सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह ,माया बेलचंदन , राजेन्द्र पाध्ये, शंकर लाल देवांगन ,श्रीमती रश्मि सिंह ,भिलाई शहर जिला महामंत्री प्रेमलाल साहू, विजेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष  विनोद सिंह, योगेंद्र पांडेय  मुन्ना, दिनेश लोहिया, उज्जवल दत्त ,नागेंद्र मिश्रा, विजय सिंह, भरत गौर, प्रवीण पांडेय, अरविंद जैन ,सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व आम लोग शामिल हुए।

    रिसाली / शौर्यपथ / निस्तारी तालाब को सहेजने और उसे दुषित होने से बचाने रिसाली निगम प्रयास कर रहा है। वार्ड 29 लक्ष्मी नगर के डबरी से मिट्टी निकाल सवारा जा रहा है। इसका उपयोग केवल मवेशियों के लिए किया जाएगा।
      नगर पालिक निगम रिसाली की आयुक्त मोनिका वर्मा के निर्देश पर शीतला तालाब के बगल वर्षो पुराने डबरी को सवारा जा रहा है। मिट्टी निकलने का कार्य पूर्ण हो चुका है। सोमवार को आयुक्त ने स्थल निरीक्षण कर डबरी से जलीय पौध को निकालने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि अगर डबरी की सफाई हो गई तो डेयरी संचालक अपने मवेशी को यही धोने का काम करेंगे। तालाब निस्तारी के लिए सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि निस्तारी तालाब में मवेशी धुलाई करने वालों के खिलाफ कार्यवाही भी की जाएगी।
    इसलिए पानी सूखता नहीं
      कल्याणी शीतला मंदिर तालाब के बगल बने डबरी पुरानी है। शीतला तालाब का आउटलेट इसी डाबरी में है। तालाब का ओवर फ्लो पानी इसी में आता है। वहीं तालाब भरने सिंचाई विभाग द्वारा छोड़े गए पानी का कुछ हिस्सा भी डबरी तक पहुंचता है। सफाई के अभाव में डबरी पूरी तरह दलदल नुमा बन गया था।
    टंकी के नीचे बनेगा स्टोर रूम
      आयुक्त मार्निग विजिट के तहत वार्ड 29, 13 व 14 भ्रमण की। उन्होंने टंकी मरोदा में बने ओवर हेड टैंक का निरीक्षण की। आयुक्त ने डुंडेरा, पुरैना , नेवई और टंकी मरोदा टैंक के नीचे स्टोर रूम बनाने के निर्देश दिए, ताकि जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अपना सामान रख सके।

    दुर्ग / शौर्यपथ / महामाया बुद्व विहार कल्याण समिति कर्मचारी नगर दुर्ग के तत्वावधान में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व भूषण,भारत रत्न डां भीमराव अंबेडकर जी की जयंती बड़े धूमधाम से मनाई गई।
         इस अवसर पर समिति के द्वारा एक विशेष केक बनवाया गया था जिसे सैकड़ों की संख्या में उपस्थित युवाओं, बच्चों एवं उनके परिवार जनो की उपस्थिति में सामूहिक रूप से काटकर खुशियां मनाते हुए लोगों ने एक दूसरे को बधाइयां दी। इस मौके पर बच्चों तथा युवाओं ने बाबा साहेब पर लिखी कविताओं का पाठ किया। समिति के अध्यक्ष संदीप पाटिल ने उपस्थित अनुयायियों को बताया कि डां बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर ही दुनिया भर मे एकमात्र ऐसा महामानव हैं जिनकी जयंती  पूरी दुनिया भर के देशों में बड़ी धूमधाम से मनाया जाने लगा है यह हम भारतीयों के लिए गौरव की बात है। इसके बाद दोपहर दो बजे से एक भव्य रैली निकाली गई जो नगर भ्रमण करती हुई वापस विहार में आकर समाप्त हुई।

    दुर्ग / शौर्यपथ / प्रायवेट स्कूलों एवं स्वामी आत्मानंद स्कूलों में छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कक्षा पहली में प्रवेश दिया जा रहा है, जिसको लेकर छत्तीसगढ़ पैरेंट्स एसोसियेशन ने नाराजगी जताई और संचालक को पत्र लिखकर कक्षा पहली हेतु उम्र छह वर्ष निर्धारित करने की मांग की गई है।
    पैरेंट्स एसोसियेशन के प्रदेश अध्यक्ष क्रिष्टोफर पॉल का कहना है कि स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कक्षा पहली में प्रवेश दिया जा रहा है, जो शिक्षा का अधिकार कानून का स्पष्ट उल्लंघन है, वैसी ही आरटीई के अंतर्गत प्रायवेट स्कूलों में कक्षा पहली के लिए 5 वर्ष के बच्चों को प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि शिक्षा का अधिकार कानून में कक्षा पहली के लिए उम्र 6 वर्ष निर्धारित है, तो नई शिक्षा नीति के अनुसार कक्षा पहली के लिए उम्र 6 वर्ष से कम नहीं होना चाहिए। केन्द्र सरकार ने 15 फरवरी को पत्र लिखकर कक्षा पहली के लिए उम्र 6 वर्ष निर्धारित करने का निर्देश दिया है। छग राज्य बाल आयोग ने भी इस संबंध में डीपीआई को पत्र लिखा है, इसके बावजूद डीपीआई के द्वारा 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कक्षा पहली में प्रवेश दिया जा रहा है, जो शिक्षा का अधिकार कानून और नई शिक्षा निति का उल्लघंन है।

    भाजपा कार्यालय में बनाया गया पार्टी का स्थापना दिवस ,विजय बघेल शामिल हुए पार्टी स्थापना दिवस में
    त्याग तपस्या बलिदान की प्रेरणा देती है भारतीय जनता पार्टी- महेश वर्मा

    भिलाई / शौर्यपथ / भारतीय जनता पार्टी की 45 वा स्थापना दिवस आज भिलाई जिला कार्यालय प्रदर्शनी परिसर में मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी सांसद विजय बघेल एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला के अध्यक्ष महेश वर्मा जी द्वारा की गई कार्यक्रम की शुरुआत में भारत माता जी एवम पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तेल चित्र पर माल्यार्पण किया गया एवं जय घोष के नारे लगे।
    तत्पश्चात लंबे समय से जुड़े भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओ का सम्मान किया गया इस सम्मान समारोह में प्रभुनाथ मिश्रा, शंकर लाल देवगन, सत्यनारायण अग्रवाल ,राजेंद्र मिश्रा, बृजेश बीचपुरिया, लाल चंद मौर्य, S N सिंह, खिलावन साहू, नंद लाल पासवान को साल एवम श्रीफल भेंट किया गया।
       मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए सांसद विजय बघेल ने स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा की 1984 में 2 सांसद हमारे थे और 2024 में 400 से ऊपर सांसद जीत कर आ रहे है। भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य सिर्फ चुनाव लड़ना ही नहीं राष्ट्रगीत में कार्य करना और भारत को राष्ट्रगुरु बनाना है।
    यह वही भारतीय जनता पार्टी है जो आज विश्व में सबसे बड़े पार्टी के रूप में उभर कर सामने आई है और सबसे ज्यादा सदस्यो वाली पार्टी है।
      कार्यक्रम के अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने कहा कि यह संगठन वरिष्ठ जनों के खून पसीने की मेहनत से बनी पार्टी है आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही भारत एक नई ऊंचाई की ओर अग्रहित कर रहा है आज हमारे बीच भी हमारे वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित है जिनकी आशीर्वाद से आज 400 पर के नारे को प्राप्त करने जा रहे है।
      कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री योगेंद्र सिंह एवं आभार जिला उपाध्यक्ष राम उपकार तिवारी द्वारा किया गया इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कोषाध्यक्ष विनोद सिंह, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, वीरेंद्र साहू, खिलावन साहू, कन्हिया सोनी, तुलसी साहू , निर्मला यादव, विजय जसवाल, संतोष मौर्य, रणजीत सिंह, राहुल परिहार, अमित मिश्रा, स्वीटी कौशिक सहित अन्य उपस्थित थे।
    उपयुक्त जानकारी मीडिया उसका सहप्रभारी रंजीत सिंह ठाकुर द्वारा दी गई।

    दुर्ग / शौर्यपथ / सेन समाज सेवा समिति के युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. प्रतीक उमरे ने कहा की कांग्रेस पार्टी सेन समाज के अध्यक्ष एवं वैशाली नगर के भाजपा विधायक रिकेश सेन के खिलाफ बड़ी रच रही साजिश, सेन समाज को तोड़ने के उद्देश्य से तथाकथित कांग्रेसी मानसिकता वाले सेन समाज के लोगों द्वारा रिकेश सेन के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर सेन समाज की एकता एवं अखंडता को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी रिकेश सेन की लोकप्रियता से घबराकर अपने कार्यकर्ताओं द्वारा बयानबाजी करने दबाव बनाया जा रहा है,जिससे वो लोकसभा चुनाव में सामाज को तोड़ कर फायदा ले सकें।रिकेश सेन पुरे छत्तीसगढ़ में सेन समाज के इकलौते विधायक हैं समाज के सदस्यों के साथ अपनत्वपन एवं सक्रिय शैली से रिकेश सेन समाज के लोगों के बीच सर्वमान्य नेता के तौर पर स्थापित हो चुके हैं।लगातार पुरे प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार में सेन समाज के लोग उनसे निस्वार्थ भाव से जुड़ते जा रहे हैं जिसको कांग्रेस संगठन पचा नहीं पा रही है कुछ चारा नहीं बचते हुए देख कांग्रेस पार्टी जिसने सेन समाज को विधानसभा चुनाव में एक टिकट के लायक भी नहीं समझा वो समाज के कुछ कांग्रेसी मानसिकता के लोगों को मोहरा बना कर समाज को गुमराह कर तोड़ने के प्रयास में हैं। युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. प्रतीक उमरे ने समाज के लोगों से अपील किया है की सभी एकजुट होकर समाजहित में रिकेश सेन के साथ कंधे से कंधा मिला कर चले। ऐसे लोगों के बहकावे में ना आए जो सामाज हित को दरकिनार कर कांग्रेस की कठपुतली बन अपना निजी स्वार्थ साधना चाहते हैं।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision