August 19, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    दुर्ग

    दुर्ग (5014)

    समाचार सार ...

    सराफा व्यवसायी का सोना लुटने वाला भी निकला सराफा व्यापारी
    सराफा व्यवसायी के स्कूटी सहित स्कूटी में रखे 50 लाख का सोना चोरी करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार
    एक सप्ताह तक मशक्कत करने के बाद, पुलिस के हत्थे चढे आरोपी सराफा व्यपारी का सोना पार करने वाला भी निकला दूसरा सराफा व्यापारी

        दुर्ग / शौर्यपथ / सराफा कारोबारी के अपनी स्कूटी को अंसारी होटल के सामने खडी कर खाना खाने जाने के दौरान उसके स्कूटी सहित उसमें 7 सौ ग्राम से अधिक रखे 50 लाख का सोना चोरी करने वाले चोर को सुपेला पुलिस ने एक सप्ताह तक काफी मशक्कत करने के बाद अंतत: आज गिरफ्तार कर लिया। सोना चोरी करने वाला भी सराफा व्यापारी ही निकला। कई दिनों से नरेश सोनी और आनंद सोनी दूसरे कारोबारी का सोना चुराने की ताक पर था। एक दिन मौका मिला और स्कूटी के साथ उसने सोना पार दिया। उसने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अपने एक साथी के साथ मिलकर दूसरे चाबी से उसकी स्कूटी का ताला खोलकर स्कूटी लेकर फरार हो गये और दोनो आपस में आधा आधा सोना बांट लिये।
      इस मामले का पत्रकारों के सामने खुलासा करते हुए एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि 25 जुलाई को वैशाली नगर निवासी सागर हिम्मत जरे ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उसने बताया कि दुर्ग स्थित जेबीआर रिफाईनरी दुकान में सोना गलाने का काम करता है। उसने बताया कि 25 जुलाई को वह अपनी दुकान से सोना अपनी स्कूटी की डिक्की में रखकर रात 9 बजे खाना खाने से अंसारी होटल गया था। इस दौरान स्कूटी अंसारी होटल के बाहर पार्क किया था। खाना खाकर लौटने के बाद देखा कि स्कूटी वहां नहीं थी। शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने मामले में धारा 303 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
    ०सीसी टीवी फुटेज में दिखे दो संदिग्ध
     इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने बताया कि विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसी टीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान दो संदिग्ध दिखे जो रेन कोट व हेलमेट लगाए हुए थे। फुटेज मिलने के बाद भी पुलिस के सामने इन्हें पहचानने की चुनौति थी। इसके बाद पुलिस ने इन दोनों की पहचान करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध नरेश सोनी के बारे में पता चला। स्कूटी चुराते समय उसने चालाकी दिखाई और मोबाइल ऑफ कर दिया। इसके बाद वायशेप ओवरब्रिज के पास स्कूटी छोडऩे के बाद अपना मोबाइल ऑन किया। पुलिस को मोबाइल लोकेशन मिली लेकिन आरोपी नहीं। संदिग्ध के घर पर भी ताला लगा हुआ था। एक हफ्ते बाद नरेश सोनी पकड़ाया और उसके जरिए उसका साथी आनंद सोनी भी पकड़ाया।
    ० खराब आर्थिक स्थिति के कारण की चोरी
      पुलिस की पूछताछ में नरेश सोनी ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई थी इसलिए उसने चोरी का प्लान बनाया। नरेश सोनी की सुपेला में नरेश ज्वेलर्स नाम से दुकान है। वहीं सागर हिम्मत जरे पास की दुकान में सोना गलाने का काम करता है। दोनों में परिचय भी है। नरेश सोनी को पता था कि सागर हमेशा अपने पास सोना रखा रहता है। नरेश सोनी ने सागर के स्कूटी की एक चाबी भी बनवा रखी थी और मौके की ताक पर था।
    ०परिवार के साथ सिहोर चला गया था आरोपी
      25 जुलार्इ  को सागर अपनी दुकान बंद करने के बाद बिरयानी खाने अंसारी होटल गया। पीछे से नरेश सोनी अपने साथी आनंद सोनी के साथ अंसारी होटल पहुंचा। सागर जैसे ही अंदर गया तो कुछ देर देखने के बाद अपने पास रखी दूसरी चाबी से स्कूटी खोली और अपना मोबाइल बंद कर निकल गया। वाईशेप ओवर ब्रिज के पास स्कूटी छोड़ी और अपने साथी को हिस्सा देने के बाद नरेश सोनी परिवार के साथ सिहोर मध्यप्रदेश घूमने चला गया। एक दिन पहले ही वह वापस लौटा और पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
    ०इतना सोना होने का नहीं था अनुमान
      आरोपी नरेश सोनी को स्कूटी की डिक्की में 740 ग्राम सोना कीमती 50 लाख रुपए होने का अनुमान नहीं था। चोरी के बाद अपने हिस्से का सोना उसने घर पर ही छिपा रखा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होण्डा शाइन, चोरी गये स्कूटी वाहन, सोने के 08 नग बिस्कीट एवं सोने के टूकड़े कुल वजनी 740 ग्राम के लगभग कुल कीमती 50 लाख रुपए जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना सुपेला से एएसआई दिनेश सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश साहू, आरक्षक राजेश हनौटे, एसीसीयू से एसआई भूपेश सिंह, एएसआई पूर्ण बहादुर, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर बंजीर,आरक्षक भावेश पटेल, शाहबाज खान,  विक्रान्त कुमार, राकेश चौधरी, पन्नेलाल, दुष्यंत लहरे, अमित सिंह, उपेन्द्र यादव, अजय ढीमर, चित्रसेन साहू की उल्लेखनीय भूमिका रही। दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने टीम को नगद इनाम की घोषणा भी की है।

      दुर्ग / शौर्यपथ / जिला चिकित्सालय दुर्ग में बच्चे एवं माताओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में 01 अगस्त 2024 को विश्व स्तनपान सप्ताह की शुरूआत की गई है। इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह का थीम है-अंतर को कम करना, सभी के लिये स्तनपान समर्थन है। जिला चिकित्सालय दुर्ग के शिशु रोग विभाग में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. दिव्या श्रीवास्तव टीकाकरण अधिकारी जिला दुर्ग, डॉ. सीमा जैन एवं डॉ. वाय किरण शिशु रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय दुर्ग द्वारा स्तनपान में जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि धात्री महिलाओं द्वारा शिशुओं को स्तनपान कराने से शिशुओं का मानसिक विकास, शिशु को डायरिया, निमोनिया एवं कुपोषण से बचाने एवं स्वास्थ्य के लिये आवश्यक है। साथ ही जन्म के छः माह तक केवल स्तनपान तथा दो साल तक सतत् स्तनपान कराना आवश्यक है। कार्यक्रम में डॉ. हेमंत साहू सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक दुर्ग, डॉ. रजनीशकांत मल्होत्रा शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ. गोवर्धन, डॉ सुनीता, संदीप ताम्रकार जिला कार्यकम प्रबंधक,  दिलीप ठाकुर आजीवन जीवनदीप सदस्य, तथा धात्री महिलाएं, नर्सिंग स्टूडेंट, अस्पताल स्टॉफ उपस्थित थे।

    जनता युवा मोर्चा के नेता प्रदेश सह कोषाध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष नितेश साहू के नेतृत्व में युवाओं ने दुर्ग नगर निगम प्रशासन को दिया ज्ञापन 

       दुर्ग / शौर्यपथ / शहर के बीच कचरा सेंटर को तत्काल हटाने की मांग को लेकर युवा मोर्चा ने दिया आयुक्त को ज्ञापन भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता प्रदेश सह कोषाध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष नितेश साहू के नेतृत्व में आज युवाओं ने दुर्ग नगर निगम के एस.एल.एम सेंटर जहा पूरे शहर के कूड़ा कचरा एकत्र किया जाता है, जो की रविशंकर स्टेडियम परिसर के पास स्थित है उसे हटाने की मांग को लेकर नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।
    नितेश साहू ने बताया कि उक्त जीरो वेस्ट सेंटर शहर के बीचों बीच स्थित है जहां पर कॉलेज स्कूल और हास्टल संचालित है साथ ही स्टेडियम परिसर में दुकानें भी स्थित है इस कचरा सेंटर की बदबू इतनी भयावाह है की लोगो का वहां से गुजरना भी दुर्भर हो गया है, दिन भर में वहां से हजारों लोग गुजरते है सुबह के समय अच्छी सेहत के लिए लोग मार्निग वाक के लिए जाते है पर सड़े गले कचरों और बदबू के चलते वहां 2 सेकंड भी रुका नहीं जा सकता है। यह कचरा सेंटर शहर के बीचों बीच प्रमुख जगह जहां पर है जहां स्कूल,कॉलेज, स्टेडियम, पार्क और प्रमुख सड़क होने के वजह से हजारों लोगों का आवागमन है ऐसी जगह पर कचरा एकत्रीकरण होना नगर निगम की बहुत बड़ी गलती और लापरवाही है जिससे आमजन बहुत परेशान हैं यह उनके स्वास्थ्य के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ है और आज यह शहर की सबसे बड़ी समस्या है इसलिए उक्त कचरा सेंटर को जल्द से जल्द हटाना जरूरी है।
    आज युवा मोर्चा ने निगम आयुक्त को इस महत्त्वपूर्ण विषय पर ज्ञापन सौंपकर जन हित में शहर के बीच से उक्त कचरा सेंटर को तत्काल हटाने का मांग किया है और निगम को 10 दिनों का अल्टिमेटम दिया है, यदि जल्द ही यह कचरा सेंटर यहां से नहीं हटा तो युवा मोर्चा के साथी शहर की जनता के साथ सड़क पर होंगे और स्वयं इसे हटाने को बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से नितेश साहू ,राहुल पाटिल,पीयूष मालवीय,चंद्रकांत साहू,गौरव शर्मा,राहुल सोनकर,शुभम कोंबे,गोलू ठाकुर,तुषार राजपूत,मोहित जैन,भविष्य पंडवार एवम् मानव सोनी उपस्तिथ थे ।

    रिसाली / शौर्यपथ / नगर पालिक निगम रिसाली में पदस्थ नलनीश मिश्रा सहायक ग्रेड 2 बुधवार को सेवानिवृत्त हुए। संगठन में विभिन्न जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए 38 साल सेवाएंे दी। वे साडा कार्यकाल में 20 जनवरी 1997 से कार्यरत थे।
    रिसाली निगम के सभागर में बिदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्यअतिथि सामान्य प्रशासन विभाग प्रभारी चंद्रभान ठाकुर समेत कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे, निगम सचिव रोहित साहू, सहा. अभियंता आर.के. जैन व प्रभारी अभियंता गोपाल सिन्हा ने नलनीश मिश्रा को सेवाकाल की उपलब्धी की बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन चंद्रपाल हरमुख ने किया। इस अवसर पर एम.पी. देवांगन, आर.के. जैन, संजय वर्मा, जगरनाथ कुशवाहा, किरण वर्मा, अखिलेश वर्मा, बृजेन्द्र परिहार आदि उपस्थित थे।

    दुर्ग / शौर्यपथ / जनप्रतिनिधि वह होता है जो जनता की आवाज बने और जनता के मुलभुत सुविधाओ के लिए प्रशासन के बिच एक सेतु का कार्य करे किन्तु दुर्ग निगम में एक पार्षद ऐसे भी है जो जनप्रतिनिधि तो है किन्तु साथ ही अवैध कालोनी के निर्माण में भी सलग्न है . शायद इसका फायदा यह मिल जाता है कि भवन बनाते समय ऐसे पार्षद को भवन अनुज्ञा लेने की जरुरत ना पड़े और अगर पार्षद शहर के कद्दावर नेत्री का समर्थक हो तो क्या कहने . दुर्ग निगम का भी कुछ ऐसा ही हाल  है दुर्ग निगम के बस्ती क्षेत्र के एक पार्षद ऐसे भी है जो निगम में पार्षद की भूमिका तो निभा रहे साथ ही अवैध कालोनी के निर्माण में भी अहम् भूमिका निभा रहे क्योकि जाँच और कार्यवाही तो आम जनता के अवैधानिक कार्य करने पर ही निगम प्रशासन करती है किन्तु अगर अवैध कार्य में संलिप्तता अगर पार्षद की हो तो फिर निगम प्रशासन कैसे कार्यवाही करे . क्या दुर्ग की जनता को ऐसे प्रतिनिधि का चुनाव करना चाहिए जो जनप्रतिनिधि होने की आड़ में अपने अवैधानिक कार्यो को अंजाम दे शौर्यपथ समाचार एक ऐसे पार्षद के नाम का जल्द खुलासा करेगी जो शहर के पाश इलाके आदर्श नगर क्षेत्र में अवैध कालोनी/अवैध प्लाटिंग के निर्माण में सलग्न है और जनप्रतिनिधि के रूप में निगम में कार्यरत है .

    दुर्ग / shouryapath / जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अश्वनी देवांगन ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे स्वच्छता अभियान की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत में साफ-सफाई का कार्य करने तथा नियमित रूप से डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने को कहा। साथ ही कचरा संग्रहण के लिए स्वच्छता कर बिल के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को डोर टू डोर कचरा एकत्रित करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सखियों के माध्यम से किसानों को बीज उपलब्ध कराने कहा। ग्राम पंचायत स्तर पर पीएमजेजेबीवाई पीएमएसवाई के तहत किसी भी कारण से मृत्यु होने पर जिला पंचायत स्तर से बीमा राशि दावा भुगतान जिला पंचायत स्तर पर बीमा राशि देने में सहायता की जानी है। महात्मा गांधी मनरेगा व स्वच्छ भारत मिशन के तहत अभिसरण से निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। मनरेगा व आवास के अभिसरण से जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें एमआईएस में अपडेट किया जाए। अमृत सरोवर के निर्माण कार्य में दुर्ग के लिए 15, धमधा के लिए 15 तथा पाटन के लिए 12 प्रस्ताव दिये गये हैं। शासन की इस महत्वपूर्ण योजना को गंभीरता से लेने तथा निर्माण के लिए अधिक प्रस्ताव देने को कहा गया। स्वच्छ भारत मिशन सामुदायिक, व्यक्तिगत शौचालयों की लंबित जियो टैगिंग को तत्काल पूर्ण किया जाए। कचरा संग्रहण के लिए पंचायतों को प्रेरित किया जाए। किसी भी स्थिति में कचरा बाहर न फेंका जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कर निर्धारित करने तथा हाट, बाजार, दुकानों में नियमित रूप से बिल राशि वसूलने को कहा गया। उप अभियंता एवं जिला स्तरीय अधिकारी की टीम से ओडीएफ की तैयारी करने तथा घोषित सर्वे की जांच करने के निर्देश दिए गए। लखपति दीदी स्व-सहायता समूह की बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मनरेगा अंतर्गत अभिसरण के स्व-सहायता समूह की बहनों के लिए योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभाग अंतर्गत बकरी, गाय, मुर्गी, मछली बीज के वितरण की जानकारी अनुसार अभिसरण के तहत निर्माण कार्य स्वीकृत करने को भी कहा। स्वयं सहायता समूह की बहनों को कन्वर्जेंस के माध्यम से लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल करने के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में बीज उत्पादन निगम में कृषि सखी के माध्यम से समन्वय स्थापित कर किसानों को बीज उपलब्ध कराया जाए। स्वयं सहायता समूह की बहनों को बैक लिंकेज करने को भी कहा गया। बैठक में समस्त परियोजना अधिकारी एवं जनपद सीईओ उपस्थित थे।

    दुर्ग / शौर्यपथ / भारतीय जनता युवा मोर्चा, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह- कोषाध्यक्ष व पूर्व जिलाध्यक्ष नितेश साहू ने पिछले दिनों केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2024 एवं छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार द्वारा पेश किया गया अनुपूरक बजट का स्वागत करते हुए उसे अमृतकाल का बजट बताया है नितेश साहू ने कहा ये बजट विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ के स्वप्न को साकार करने की दिशा में बढ़ने वाला होगा, विजन 2047 के लिए प्रतिबद्ध केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार जन जन की आशाओं और आकांक्षाओं को पुरा करने संकल्पित हैं। यह बजट जनहितकारी है जिसकी योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिलेगा। युवा, महिला, किसान, नौकरी पेशा व बेरोजगार हर वर्ग के लिए लाभकारी है, केंद्र सरकार की हितकारी योजनाओं का लाभ छत्तीसगढ़ को मिलेगा जिससे राज्य का चहुंमुखी विकास होगा। उन्होंने इस जनहितैषी बजट के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का साधुवाद करते हुए कहा की छत्तीसगढ़ की जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के सुशासन पर पुरा विश्वास है और केंद्र व राज्य के डबल इंजिन सरकार मे छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा पिछले 05 साल के कांग्रेस सरकार मे छत्तीसगढ़ की क्या हालत थी यह बच्चा बच्चा जान रहा है हत्या, लूट, भृष्टाचार के साथ जन जन के विश्वास से खेलने वाली कांग्रेस को यह विकाशील बजट पच नहीं रहा है।  कांग्रेस की विकासविरोधी नीति को जनता बहुत अच्छे से जानती है और इसीके चलते ही जनता ने इन्हे विधानसभा व लोकसभा के चुनाव मे जवाब दिया है और आने वाले समय में निकाय चुनावों में भी जनता कांग्रेस को जवाब देगी।

     दुर्ग / शौर्यपथ / गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आज  चरोदा प्रखंड सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल भिलाई - 3  में जननी- बाला समागम (मां बेटी सम्मेलन) पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन मातृशक्ति विश्व हिंदू परिषद के द्वारा किया गया। प्रत्येक सनातनी परिवार में जिस प्रकार मां और बेटी के बीच संबंध होता है वैसे ही विश्व हिंदू परिषद की आयाम मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी के समन्वय द्वारा नारी शक्ति को जागृत संगठित और आर्थिक स्वायत्तता की समझ विकसित करने के उद्देश्य से यह आयोजन रखा गया। जिसमें सैकड़ो मातृ शक्तियां अपनी युवा बेटियों के साथ उपस्थिति  रहीं।
     उद्घाटन सत्र में पूजन उपरांत अतिथियों द्वारा उद्बोधन दिया गया। उद्घाटन सत्र में श्रीमती चंद्रावती जी, रुणा शर्मा जी वरिष्ठ समाज सेवी* के द्वारा लव जिहाद विषय पर प्रबोधन किया गया। तत्पश्चात हिंदू समाज के बीच उत्कृष्ट कार्य कर रही मातृशक्तियों का सम्मान किया गया।  श्रीमती मानसी गुलाटी जी के द्वारा महिला स्वास्थ्य के ऊपर जानकारी दी गई।
      कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती सरिता यादव प्रांत संयोजिका मातृशक्ति के द्वारा बताया गया कि विश्व हिंदू परिषद विश्व भर के समस्त हिंदुओं के मान बिंदुओं की रक्षा के लिए काम करता है जिसके आयाम मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी भी है। जैसे प्रत्येक समाज सनातनी परिवार में मां बेटी के* बीच में संबंध होता है वैसे ही हमारे विश्व हिंदू परिषद परिवार में भी मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी मां बेटी के रूप में काम करते हैं । आज समाज में मां और बेटी के बीच में जो आत्मीय संबंध होना चाहिए वह कहीं ना कहीं विलुप्त हो चुकी है। परिणाम स्वरूप समाज में कई प्रकार की विकृतियां उत्पन्न हो चुकी है। इन विकृतियों से निदान के लिए मां और बेटी के बीच में स्वस्थ संबंध होना आवश्यक है। मां प्रौढ़ अवस्था में होने के कारण कम ऊर्जावान होती है किंतु उनके पास बहुत ज्यादा अनुभव होता है। दूसरी और बेटियों के पास ऊर्जा तो बहुत ज्यादा होती है किंतु अनुभव न होने के कारण सफल योजनाकार नहीं हो सकती। इसलिए माता के अनुभव आधारित योजनाओं का क्रियान्वयन ऊर्जा स्वरूपा बेटी करती है तो परिवार सो सुसंस्कृत होता है , सफल होता है।
      समापन सत्र में भिलाई-3 चरोदा प्रखंड की सत्संग समितियां द्वारा सत्संग, सभी दुर्गा वाहिनी की बहनों और बेटियों के द्वारा मात्रृशक्ति और अपनी-अपनी माता को गुरु पूर्णिमा की शुभ अवसर पर आरती कर आशीर्वाद लिया गया। अंत में भारत माता की आरती  उपरांत कार्यशाला का समापन किया गया।
    कार्यक्रम में जिला संयोजीका शशि बंछोर, जिला सह-संयोजीका अंकिता तिवारी,‌ संगीता सोनवानी, चरोदा प्रखंड मंजू तांडी,अंजलि पटनायक, पुष्पा सिंह, संजू सोनी,  लक्ष्मी, सरोज, रजनी टांडी, शशि सोनवानी, रेखा, ममता, पूजा, माही, संगीता सैकड़ो मातृशक्ति उपस्थिति रही। साथ ही मातृशक्ति प्रखंड में कुछ नवीन दायित्व चरोदा प्रखंड सह-संयोजीका चंद्रावती दीदी, चरोदा प्रखंड सह सेवा प्रमुख ईश्वरी दीदी, जामुल प्रखंड संयोजिका रुणा शर्मा जी की घोषणा की गई।

    दुर्ग / शौर्यपथ / शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग के  रवींद्रनाथ टैगोर सभागार में राजनीति विज्ञान विभाग एवं एनसीसी तथा एनएसएस के संयुक्त तत्वाधान में कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ मनाई गयी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एन. पी. दीक्षित, पूर्व कुलपति हेमचंद विश्वविद्यालय तथा विशिष्ट अतिथि सूबेदार अमरीक सिंह, 37 सीजी बटालियन एनसीसी दुर्ग एवं भूतपूर्व सैनिक सूबेदार उत्तम कुमार सिन्हा शामिल हुए। कार्यक्रम के संरक्षक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एम. ए. सिद्दकी ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए अमर सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान पर नमन व्यक्त किया और एनसीसी कैडेट्स को शहीदों के बलिदान से सीख लेने हेतु प्रेरित किया।
        सूबेदार अमरीक सिंह ने कारगिल की विषम परिस्थितियों में भारतीय सैनिकों की वीरता और साहस को सलाम करते हुए उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में 16 हजार फुट से भी ऊंचे टाइगर हिल्स में घात लगाकर बैठे पाकिस्तानी सैनिकों पर भारतीय सैनिकों द्वारा विजय प्राप्त करना , भारतीय सेना के अदम्य साहस और वीरता का परिचायक है। साथ ही उन्होंने इसके पीछे भारतीय जनता और सैनिकों के परिवारों द्वारा मिलने वाले निस्वार्थ समर्थन को  महत्वपूर्ण बताया।
      भूतपूर्व सैनिक सूबेदार उत्तम सिन्हा ने भी संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता की एकता और विश्वास ने भारतीय सैनिकों को साहस प्रदान किया । साथ ही युद्ध क्षेत्र में लड़ने वाले सैनिकों के साथ साथ उन्हें रसद एवं अन्य  की आपूर्ति करने वाले सहयोगी सैनिकों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बतायापूर्व कुलपति डॉ दीक्षित ने अमर शहीदों को याद किया तथा कारगिल विजय की विस्तार पूर्वक सारगर्भित जानकारी देते हुए बताया कि इतने दुर्गम क्षेत्र मे जहां सांस लें पाना भी मुश्किल होता है, वहां हमारे जवानो ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की । सियाचिन ग्लेशियर सहित, जहां साल भर बर्फ जमी रहती है , सम्पूर्ण हिमालय क्षेत्र की सुरक्षा भारतीय सेना के जवान वीरता पूर्वक   कर रहे है ।
        इस अवसर पर मेजर डॉ सपना शर्मा सारस्वत ने जोश , उत्साह और विषम परिस्थितियों में निर्णय लेने की भारतीय सैनिकों के योगदान से सीख लेने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक सूबेदार मेजर उत्तम सिन्हा का शाल और श्रीफल देकर मुख्य अतिथि डा एन पी दीक्षित ने सम्मान किया ।
       धन्यवाद ज्ञापन देते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ शकील हुसैन ने महाविद्यालय के प्राचार्य,मुख्य एवं  विशिष्ट अतिथि तथा एनसीसी एवं एनएसएस के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री तरुण साहू , कार्यक्रम अधिकारी एन एस एस, डा अनिल कश्यप, डा अनुपमा कश्यप, डा आर एस सिंह, डा कल्पना अग्रवाल, डा ज्योति धारकर, सहित अन्य प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं एनसीसी कैडेट्स लक्ष्मी श्री प्रधान , अभिषेक , पवन तथा एनएसएस स्वयंसेवक मोरध्वज आदि ने सक्रीय भागीदारी की ।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision