August 14, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    दुर्ग

    दुर्ग (5012)

     दुर्ग / शौर्यपथ / दुर्ग नगर पालिक निगम में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जो सीधे तौर पर महापौर श्रीमती अलका बाघमार के निर्देशों की अवहेलना और निगम की प्रशासनिक कमजोरी को उजागर करता है। महापौर के आदेश के बावजूद, मिशन क्लीन सिटी (MCC) की एक कर्मचारी अब भी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा में काम कर रही है, जबकि उसका मूल कार्यक्षेत्र वार्डों में सफाई का है। यह घटना न केवल नियमों के उल्लंघन का प्रतीक है, बल्कि यह भी सवाल उठाती है कि क्या दुर्ग निगम में महापौर से भी ज़्यादा प्रभावशाली कोई और है?
       पिछले महीने, महापौर अलका बाघमार ने स्वयं इस नियम विरुद्ध कार्य को देखा था और स्वास्थ्य अधिकारी को तुरंत उस कर्मचारी को उसके मूल कार्य पर वापस भेजने का निर्देश दिया था। लेकिन, आश्चर्यजनक रूप से, महापौर के स्पष्ट आदेश के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले की जानकारी शहरी सरकार के स्वास्थ्य प्रभारी निलेश अग्रवाल को भी दी गई थी, जिन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई बदलाव नहीं हुआ।
       यह स्थिति सीधे तौर पर प्रशासनिक अधिकारियों की मनमर्जी और महापौर के निर्देशों की खुली अवहेलना को दर्शाती है। जब शहर की प्रथम नागरिक के आदेशों का पालन नहीं हो रहा है, तो यह निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। इस तरह की निष्क्रियता न केवल मेयर के पद की गरिमा को कम करती है, बल्कि यह भी बताती है कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों के प्रति कितने उदासीन हैं।
       इस मामले पर अब स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी और निगम के उपायुक्त मोहेंद्र साहू के संज्ञान लेने की खबर सामने आई है। अब देखना यह है कि क्या वे इस मामले में ठोस कदम उठाते हैं या यह मामला भी पिछली शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा। यह घटना दुर्ग के प्रशासनिक ढांचे की पोल खोलती है और यह दिखाती है कि अगर शीर्ष नेतृत्व के आदेशों का भी पालन न हो, तो आम जनता के लिए न्याय और व्यवस्था की उम्मीद रखना कितना मुश्किल है।
    क्या दुर्ग निगम के अधिकारी महापौर के निर्देशों का पालन करेंगे या एक 'MCC' कर्मचारी का पदस्थापन ही अंतिम निर्णय माना जाएगा, यह समय ही बताएगा।

    आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या रवाना हुए सैकड़ों श्रद्धालु,दुर्ग स्टेशन पर “जय श्रीराम” के नारों से गूंजा माहौल
    तिलक और माला पहनाकर किया गया रामभक्तों का स्वागत,राज्य सरकार की रामलला दर्शन योजना के तहत विशेष यात्रा
    दुर्ग//शौर्यपथ /राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का विशेष जत्था बुधवार को रवाना हुआ। दुर्ग रेलवे स्टेशन का वातावरण भक्तिमय हो उठा, जब बैंड की गूंज और “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ आस्था स्पेशल ट्रेन को रवाना किया गया।
    दोपहर 12 बजे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर,दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव,महापौर अलका बाघमार,जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक,अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा,सभापति श्याम शर्मा,पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बंजारे,संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, आयुक्त सुमित अग्रवाल, सीईओ बजरंग दुबे तथा रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को विदा किया।
    श्रद्धालुओं का पारंपरिक स्वागत
    प्रस्थान से पहले स्टेशन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सभी रामभक्तों का तिलक कर, माला पहनाकर एवं मंगलकामनाओं के साथ स्वागत किया। बैंड की मधुर धुन के बीच श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “रामलला हम आ रहे हैं” के जयकारे लगाते हुए उत्साह से भरे दिखे।
    ग्रामीण और शहरी क्षेत्र से पहुंचे भक्त
    इस विशेष यात्रा में दुर्ग शहर और ग्रामीण इलाकों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं में अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने का अपार उत्साह और भक्ति भाव नजर आया।इस अवसर पर एम आई सी सदस्य ज्ञानेश्वर ताम्रकार,चंद्रशेखर चंद्राकर, पार्षद कमल देवांगन, कुलेश्वर साहू, मनोज सोनी, गुड्डू यादव, मंडल अध्यक्ष हरीश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और नागरिक मौजूद रहे।

    श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का संगम बनेगा आयोजन

    दुर्ग / शौर्यपथ / श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति, दुर्गा धाम पुरानी गंज मंडी, गंजपारा दुर्ग द्वारा विगत दिनों शारदीय नवरात्र महापर्व की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के लिए समिति की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसकी औपचारिक घोषणा समिति के अध्यक्ष रवि पिडियार ने की। यह गठन समिति के संरक्षक मंडल के मार्गदर्शन और सामूहिक सहमति से सम्पन्न हुआ।
      संरक्षक मंडल में कमलनारायण रूंगटा, महेन्द्र सेक्सरिया, संतोष रूंगटा, संजय रूंगटा, चतुर्भुज राठी, कृष्णकुमार दुबे, शालिग्राम दुबे, किशोर जैन और विनीत जैन जैसे समाज के वरिष्ठ एवं अनुभवी जन शामिल रहे, जिन्होंने कार्यकारिणी की संरचना को स्वीकृति प्रदान की।
      नवगठित कार्यकारिणी में संयोजक के रूप में नवल अग्रवाल, शैलेष तिवारी, विवेक मिश्रा और मुकेश राठी को दायित्व सौंपा गया है। रवि पिडियार अध्यक्ष पद पर पुनः निर्वाचित हुए हैं, जबकि मनोज शर्मा महासचिव, और विकेश मिश्रा (रिचू) एवं अमित यादव को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी जितेन्द्र (जित्तू) राठी को दी गई है।
      कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद हेतु पंकज रूंगटा, दीपक चोपड़ा, मोनू नामदेव, गणेश अग्रवाल और सतबीर शर्मा को शामिल किया गया है। सचिव मंडल में महेन्द्र गांधी, रणछोड़ भुतड़ा, राजू अग्रवाल, नितिन रूंगटा, अमित बंछोर और आशीष सेक्सरिया जैसे सक्रिय पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सह सचिव के रूप में ऋषि साहू, राहुल साहू, मनोज सिन्हा, पंकज यादव, आदित्य शर्मा, हर्षद पारख एवं आलेख दुबे को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सौरभ पंड्या, जितेन्द्र जैन, विकास गुप्ता, कृष्ण यादव और राकेश चक्रधारी की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
      बैठक में आगामी शारदीय नवरात्र पर्व के अवसर पर माता रानी की प्रतिमा स्थापना, धार्मिक अनुष्ठान, भजन संध्या, महाप्रसादी वितरण, एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना पर चर्चा की गई और आम समिति की सहमति से कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया।
      इस अवसर पर खंडेलवाल समाज के वरिष्ठ सदस्य ब्रजमोहन खंडेलवाल एवं संजय खंडेलवाल द्वारा समिति के संरक्षक चतुर्भुज राठी को सम्मानित किया गया।
      बैठक के समापन पूर्व उपस्थित सदस्यों द्वारा पद्मश्री सुरेन्द्र दुबे सहित समिति के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक का संचालन महासचिव मनोज शर्मा ने किया और आभार प्रदर्शन अध्यक्ष रवि पिडियार ने किया।
        यह आयोजन केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और सेवा भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति ने नवरात्र को सामाजिक समरसता का पर्व बनाने का संकल्प लिया है।

        दुर्ग / शौर्यपथ / खेल और खिलाड़ियों को लेकर कार्य करने वाले राष्ट्रव्यापी संगठन क्रीड़ा भारती की आवश्यक बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा करने के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों पर भी विचार विमर्श हुआ।
       इस बैठक में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कोष प्रमुख मिलिंद डांगे विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कीड़ा भारती के पदाधिकारीगण के साथ-साथ खिलाड़ी, कोच और खेल संगठनों के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
      क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कोष प्रमुख मिलिंद डांगे ने कहा कि क्रीड़ा भारती ऐसा संगठन है जो खेल और खिलाड़ियों के साथ-साथ संपूर्ण समाज की चिंता करता है। देश के हर नागरिक की सेहत अच्छी रहे यही क्रीड़ा भारती का लक्ष्य है क्योंकि अच्छी सेहत वाले नागरिक एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं और खेलों के माध्यम से ही देश के नागरिकों को अच्छी सेहत और आरोग्य मिल सकता है।
      क्रीड़ा भारती के आगामी कार्यक्रमों के संबंध में मिलिंद डांगे ने बताया कि आगामी 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस को विशेष रूप से मनाया जाना है। क्रीड़ा ज्ञान प्रतियोगिता के बारे में उन्होंने बताया कि इसका ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है, इस परीक्षा का आयोजन खिलाड़ियों, छात्रों अभिभावकों और नागरिकों के बीच खेलों को लेकर अधिक रुचि पैदा करने के उद्देश्य प्रतिवर्ष कराया जाता है, ये ऑनलाइन परीक्षा आगामी 14 सितंबर को होनी है, उसके लिए क्रीड़ा भारती से जुड़े सभी सदस्य स्कूल और कॉलेज में विशेष रूप से संपर्क कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को क्रीड़ा ज्ञान प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएं ताकि खेल से जुड़े सामान्य ज्ञान के प्रश्न हल कर सबमें खेल के प्रति रुचि जागृत हो।
      वर्ष 2036 के ओलंपिक में कबड्डी को शामिल करने के लिए देशभर में प्रमुखता से कबड्डी का आयोजन क्रीड़ा भारती ने अपने हाथ में लिया है। क्रीड़ा भारती समस्त प्रकार के खेलों के खिलाड़ियों के लिए काम करती है किंतु भारतीय परिवेश के खेलों को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है। खेल प्रतियोगिताएं बेहतर ढंग से स्वस्थ वातावरण में हो, डोपिंग न हो और खेल के माध्यम से देश आगे बढ़े क्रीड़ा भारती इसी के लिए सक्रिय है।
      क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष और बॉडी बिल्डिंग के राष्ट्रीय निर्णायक संजय शर्मा ने क्रीड़ा भारती के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 1992 से निरंतर संगठन कार्य कर रहा है। क्रीड़ा भारती के माध्यम से जीजा माता सम्मान देने जैसे आयोजन करके खिलाड़ियों की माता का सम्मान करने जैसे कार्यक्रम भी लगातार होते हैं। हमारा लक्ष्य है बच्चों से लेकर बड़ी उम्र के अधिक से अधिक नागरिक खेलने के लिए मैदान तक पहुंचे। प्रान्त मंत्री सुमित उपाध्याय, प्रान्त संगठन मंत्री कौशलेंद्र पटेल, विभाग संयोजक विनोद नायर मंचस्थ रहे। कार्यक्रम का संचालन बालक दास डाहरे ने किया।
       बैठक में उपस्थित जनों में अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी संगीता राजगोपालन असिस्टेंट डायरेक्टर खेल कल्पना स्वामी, विभाग सह संयोजक डॉ सुनील साहू, राजेन्द्र पाध्ये, उपाध्यक्ष आरती शुक्ला, जिला मंत्री महेश यादव, वॉलीबॉल कोच पूनम मिश्रा, पीटीआई संध्या दुबे, किशन कुमार साहू, उत्तम कुमार बौद्ध, हितेश कुमार साहू, एथलेटिक्स महावीर सपहा, सुरेश कुमार कोसरिया, मीना साहू, नितेश सिंह, विशालदीप नायर, प्रमोद वाघ, एम वेणुगोपाल राव, रमेश कुमार दुबे, डोमेन्द्र निषाद, रामगोपाल यादव, दुष्यंत देशलहरे शामिल रहे।

    लोकसंस्कृति, नशा मुक्ति व आत्मनिर्भरता का संदेश:
    छत्तीसगढ़ी गीत, नृत्य और परंपराओं से सजी सांस्कृतिक संध्या, लाल परिधान मे सावन की रंगत बिखरी,
    सावन मेला का शुभारंभ, मनोरंजक प्रतियोगिताएं रही आकर्षण का केन्द्र,निगम द्वारा आयोजित दो दिवसीय सावन मेला में महिलाओं की जुटी भीड़:
    3 अगस्त भव्य समापन में विशिष्ट हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की धर्म पत्नी -मुख्य अतिथि समाज-सेविका कौशल्या देवी करेंगी कार्यक्रम का भव्य समापन:
    दुर्ग/शौर्यपथ /नगर निगम दुर्ग द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित रिमझिम सावन मेला का शुभारंभ आज बड़े धूमधाम से हुआ। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि रहीं भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय के साथ विधायक गजेंद्र यादव और शहर की प्रथम नागरिक महापौर अलका बागमार की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
    कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और छत्तीसगढ़ी मंगल गीत से हुई। भारी संख्या में नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और युवा वर्ग की उपस्थिति ने आयोजन स्थल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम मे 15 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता मे भाग लिया.
    मुख्य अतिथि सरोज पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा, "रिमझिम सावन मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह हमारी लोकसंस्कृति, स्वदेशी उत्पादों और सामाजिक जागरूकता का भी परिचायक है।"
    विधायक गजेंद्र यादव ने कहा इस प्रकार के आयोजन हमारे क्षेत्र की सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना को नई ऊर्जा देते हैं। रिमझिम मेला में जिस तरह नशा मुक्ति जैसे गंभीर विषय को भी रचनात्मकता से जोड़ा गया है, वह सराहनीय है। इसके माध्यम से युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। मैं नगर निगम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देता हूँ और जनता से आह्वान करता हूँ कि अधिक से अधिक संख्या में इसमें भाग लेकर इसे सफल बनाएं।"
    महापौर अलका बागमार ने कहा रिमझिम सावन मेला नगर की पहचान बनता जा रहा है। इसमें न सिर्फ लोकसंस्कृति का समावेश है बल्कि महिलाओं, युवाओं और स्थानीय व समूहों को मंच देने का एक सशक्त प्रयास है। इस बार विशेष रूप से नशा मुक्ति जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता कार्यक्रम जोड़े गए हैं, जो इसे और भी सार्थक बनाते हैं। हमारा प्रयास है कि यह मेला हर साल और अधिक प्रभावी और जनभागीदारी से भरपूर हो।"
    भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय व विधायक गजेंद्र यादव व महापौर अलका बाघमार ने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। हस्तनिर्मित वस्तुओं,स्थानीय खाद्य सामग्री और पारंपरिक परिधानों को देखकर उन्होंने खूब सराहना की और कुछ वस्तुओं की खरीददारी भी की।
    नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम मेले का विशेष आकर्षण रहा। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी और वक्ताओं के माध्यम से युवाओं व आम नागरिकों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इसमें समाजसेवियों, स्कूली विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
    दिनभर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की परंपराओं की सजीव झलक देखने को मिली। जस गीत, राऊत नाचा, सुआ नृत्य, जस गीत और पंथी नृत्य जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक कलाकारों की भावनात्मक प्रस्तुति ने वातावरण को छत्तीसगढ़ी रंग में रंग दिया।
    नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि मेला दो दिवसीय होगा, जिसमें प्रत्येक दिन सामाजिक व सांस्कृतिक विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
    -इस कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा;
    समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी, बच्चों के लिए झूले और खेल गतिविधियाँ, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वादिष्ट अनुभव,स्वास्थ्य जांच और नशा मुक्ति परामर्श केंद्र रहा
    नगर निगम द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता व यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मेला परिसर में हर आयु वर्ग के लिए कुछ न कुछ खास है, जिससे यह सावन की फुहारों के बीच उल्लास और संस्कृति का अद्भुत संगम बन चुका है। इस कार्यक्रम मे ऋचा रिकेश सेन,माया बेलचदन,उषा टावरी,चन्द्रिका चंद्राकर,गौरी सुरेंद्र कौशिक, हर्षा लोकमाणी चंद्राकर, कार्यक्रम के प्रभारी हर्षिका संभव जैन,शशि साहू सहित एमआईसी सदस्य गण एवं अधिकारी/कर्मचारी के अलावा भारी संख्या मे नागरिक गण मौजूद रहे!
    भव्य समापन में विशिष्ट हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति
    "रिमझिम सावन मेला 2025" का समापन समारोह 3 अगस्त 2025 (रविवार) को उल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इस समापन अवसर पर महिलाओं की रचनात्मक भागीदारी और सांस्कृतिक प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की धर्म पत्नी - मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेविका कौशल्या देवी उपस्थित रहेंगी। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में विजय बघेल (सांसद), ललित चंद्राकर (संसदीय संसाधन), महापौर अलका बाघमार, रजनी बघेल (समाजसेविका), पूजा चंद्राकर (समाजसेविका एवं सांस्कृतिक प्रेरक) शामिल होगे। इन सभी अतिथियों की उपस्थिति से समापन समारोह गरिमामय एवं स्मरणीय बनेगा.

      दुर्ग/शौर्यपथ / नगर पालिक निगम में 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले एक अधिकारी एवं 2 कर्मचारियों को स-सम्मान बिदाई दी गई। निगम मुख्य कार्यालय सभागार में आयोजित बिदाई समारोह में महापौर श्रीमती अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कार्यपालान अभियंता वीपी मिश्रा, लिपिक कोमल व सफाई कर्मी श्रीमती रेणुका को निगम प्रशासन की ओर से स्मृति चिन्ह, शॉल और श्रीफल भेंट करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किये।
    महापौर श्रीमती अलका बाघमार एवं निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने सभी सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए शुभकामनाएं दिए। साथ ही निगम हित में किए गए उनके सराहनीय कार्यों को याद किये। दुर्ग निगम के यूनियन पदाधिकारियों ने सेवानिवृत कर्मचारियों के प्रति अपने उदगार व्यक्त किए। कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल अवधि को सबके समक्ष साझा करते हुए शासन एवं निगम प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किए।
    बिदाई कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य काशीराम कोसरे, मनीष साहू, हर्षिका जैन,पार्षद मनीषा सोनी,लुकेश्वरी ठाकुर,रेशमा सोनकर,पायल पाटिल, प्रतिभा गुप्ता,नीरा खिचारिया,शिवेंद्र परिहार, प्रमोद पाटिल,अनिल सिंह, संजय मिश्रा, शशिकांत यादव, ईश्वर वर्मा,कार्यपालन अभियंता दिनेश नेताम, आर के जैन, गिरीश दिवान सहित अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे!उपस्थित कर्मचारियो को स्वास्थ्य अधिकारी धमेंद्र मिश्रा ने आभार व्यक्त किए।

    नागरिक ने शिविर मे पहुंचकर कराया समस्याओ का समाधान:
    दुर्ग / शौर्यपथ /नगर निगम द्वारा सीमा क्षेत्र अंतर्गत आज पटरीपार वार्ड 57 एवं 58 हेतु शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कामकाज में पारदर्शिता हेतु समाधान शिविर का आयोजन 31 जुलाई को आई एच् एस डी पी आवास के कक्ष में आयोजित किया गया!पटरीपार वार्ड 57 एवं 58 मे समस्या समाधान शिविर मे हुआ त्वरित निराकरण.
    शिविर में नगर निगम से सम्बंधित शिकायतों एवं योजनाओं के लिए शिविर का आयोजन किया गया था.शिविर में स्वास्थ्य, राशन, निराश्रित पेंशन, बाजार, आवास, जल, भवन, विद्युत्, आयुष्मान,स्वनिधि आदि विभाग द्वारा लाभान्वित करने आवेदन प्राप्त हुए. मोबाईल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य 80, आयुष्मान एवं स्वनिधि 08 हितग्राही लाभान्वित हुए. इसके अतिरिक्त राशन कार्ड, विद्युत्, आवास, स्वास्थ्य, जल, पेंशन आदि के आवेदन प्राप्त हुए!शिविर के अवसर पर उपस्थित नोडल अधिकारी व उपायुक्त मोहेंद्र साहू, थान सिंग यादव, नारायण यादव के साथ शिविर का निरीक्षण कर नागरिकों की समस्यायो को सुना और निराकरण हेतु आश्वासन दिया.इस अवसर पर पार्षद रेशमा सोनकर, पार्षद सरस निर्मलकर सहित निगम अधिकारी /कर्मचारी गण मौजूद रहे /

       कबीरधाम / शौर्यपथ / भिलाई नगर विधायक द्वारा सोशल मिडिया में वीडियो जारी करते हुए प्रदेश के गृह मंत्री के ऊपर बड़ा आरोप लगते हुए कहा गया कि सामाजिक रूप से मुझे जानकारी मिली है की यादव समाज के एक युवा माखन यादव जो कवर्धा जिले के बोडला थाना अंतर्गत अचानकपुर तेंदूटोला निवासी युवक है । वो आज पुलिस के प्रताणना से तंग आकर फासी लगाकर आत्महत्या कर ली है ।
     ये हृदय विदारक दिल झकझोर देने वाली घटना है इस घटने के बाद मृतक परिवार यादव समाज और ग्रामीण जनों द्वारा पुलिस प्रशासन के इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ मृत शव को लेकर न्याय की मांग पर नेशनल हाइवे जाम कर धरने पर बैठ गए है । चुकी पीड़ित परिवार,यादव समाज सहित ग्रामीणजन प्रताड़ित कर आत्महत्या पर मजबूर करने वाले पुलिस अधिकारी कर्मचारीयो के खिलाफ तुरंत कार्यवाही और शासन से मृतक के परिवार को न्यायिक मुवावजा की मांग कर रहे है जो की न्याय संगत है ।

    डेयरियों की गंदगी पर 5000 का जुर्माना, नोटिस जारी किए जाएंगे
    सभी सहायक राजस्व निरीक्षक वार्डों में फील्ड में रहकर करेंगे निगरानी
       दुर्ग /शौर्यपथ /नगर पालिक निगम! महापौर अलका बाघमार ने आज निगम परिसर के सभागार मे आज लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर व राजस्व विभाग प्रभारी शेखर चंद्राकर सहित अधिकारियो की मौजूदगी मे वार्ड-वार इंजिनियरो व सहायक राजस्व निरीक्षकों की क्लास ली.
       उन्होंने कहा की शहर सीमा क्षेत्र अंतर्गतनिरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डों में सफाई व्यवस्था,अवैध निर्माण और कर वसूली की स्थिति का गहन परीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने इंजीनियरों और सहायक राजस्व निरीक्षकों की बैठक लेकर कड़े निर्देश जारी किए।
    -अवैध निर्माण पर तत्काल रोक का आदेश:
       महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि शहर में बिना अनुमति चल रहे निर्माण कार्यों की तुरंत जांच की जाए।यदि निर्माण की अनुमति नहीं है, तो उसे तत्काल रोका जाए और संबंधितों को नोटिस जारी किया जाए।उन्होंने निर्देश दिया कि सहायक राजस्व निरीक्षक फील्ड में रहकर हर निर्माण गतिविधि की निगरानी करें और वार्ड इंजीनियर को उसकी जानकारी दें।
    गंदगी फैलाने वाली डेयरियों पर जुर्माना
    महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की सभी डेयरियों की सफाई व्यवस्था की जांच की जाएगी।जहां गंदगी पाई जाएगी, उन डेयरियों पर ₹5000 का जुर्माना लगाया जाएगा और उन्हें निगम द्वारा नोटिस जारी किया जाएगा।
    उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे ARI के साथ मिलकर जुर्माने की वसूली सुनियोजित ढंग से करें।
    फील्ड में रहकर करें कार्य, ईमानदारी से करें कार्य..
    महापौर ने सभी सहायक राजस्व निरीक्षक को निर्देशित किया कि वे वार्डों में नियमित रूप से फील्ड में उपस्थित रहें, टैक्स वसूली में पारदर्शिता रखें और निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी समय-समय पर दें।
    महापौर श्रीमती अलका बाघमार एवं लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर ने कहा की 15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट, लापरवाही पर कार्रवाई तय, उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और सहायक राजस्व निरीक्षकों को 15 दिनों के भीतर वार्डवार रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। जिन अधिकारियों द्वारा रिपोर्ट नहीं दी जाएगी या कार्य में लापरवाही बरती जाएगी, उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
    नियमों का पालन अनिवार्य
    बैठक में नगर निगम के इंजीनियरिंग स्टाफ और राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने कहा कि शहर की छवि और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अव्यवस्था किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ फील्ड में काम करें और जनता को बेहतर सुविधा दें!इस अवसर पर लोककर्म प्रभारी देव नारायण चंद्राकर बाजार प्रभारी शेखर चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, कार्यपालन अभियंता दिनेश कुमार नेताम,सहायक अभियंता संजय ठाकुर, विनोद मांझी हरिशंकर साहू, पंकज साहू, विकास दमाहे, प्रेरणा दुबे, अर्पणा मिश्रा,राजस्व व बाजार अधिकारी शुभम गोयर सहित राजस्व विभाग अमला मौजूद रहे!

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision