August 19, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    दुर्ग

    दुर्ग (5017)

    बाबा घासीदास का स्थान बुद्ध और महावीर के नीचे नहीं बल्कि समकक्ष है
    कातुलबोड़ में गुरू घासीदास जयंती समारोह सम्पन्न

    दुर्ग / शौर्यपथ / जय सतनाम सेवा समिति कातुलबोड़ द्वारा आज गुरू घासीदास के 265 वीं जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया इस अवसर पर नगर निगम दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल मुख्य अतिथि और छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एड. राजकुमार गुप्त विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे,
    महापौर धीरज बाकलीवाल ने विधायक अरूण वोरा के विधायक निधि से निर्मित मंच का लोकार्पण किया और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिये जयंती की बधाई देकर जल्द ही चले गये.
    जयंति कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंच के अध्यक्ष एड. राजकुमार गुप्त ने कहा कि इतिहास ने गुरू घासीदास के साथ न्याय नहीं किया है उनका स्थान गौतम बुद्ध और भगवान महावीर से उंचा नहीं तो कम भी नहीं है, बाबा घासीदास बुद्ध और महावीर से इस मामले में भिन्न हैं कि बाबा ने अपने सांसारिक दायित्वों का निर्वाह करते हुये दलित शोषित समाज को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया जबकि बुद्ध और महावीर ने सांसारिक दायित्वों से मुक्त होकर ग्यान प्राप्त किया बुद्ध और महावीर को पूरी दुनिया जानती है लेकिन छत्तीसगढ़ में पैदा होने के कारण बाबा घासीदास की पहचान कुछ क्षेत्र तक सीमित रह गई है, इतिहास ने उनके साथ न्याय नहीं किया है
    विशिष्ट अतिथि ने आगे कहा कि यदि बाबा घासीदास आज होते तब केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के साथ खड़े होते, कार्यक्रम को मंच के कल्याण सिंह ठाकुर ने भी संबोधित किया.जयंती समारोह में बिरेझर के दल द्वारा पंथी नृत्य प्रस्तुत किया गया, इसके पूर्व पूरे गांव में ध्वज यात्रा निकाली गई और जैत खांब में ध्वज चढ़ाया गया,
    जयंती कार्यक्रम का आयोजन जय सतनाम सेवा समिति द्वारा किया गया, कार्यक्रम को सफल बनाने में मंगलूराम बघेल, सूरज प्रकाश जांगड़े, रमेश कोसरे, कुंवरसिंह भारती, जागेश्वर देशलहरे, अंबिका प्रसाद जांगड़े, चिम्मन सोंडरे, भगतराम मारकण्डे, लोकेश्वर बघेल, अमरजीत जांगड़े, मोतीलाल, जयसिंह, हेमंत आदि की भूमिका रही कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र बारले ने किया ।

    - कोसा नाला में शहरी गौठान के पास स्थल में किया भूमिपूजन, विधायक एवं महापौर देवेंद्र यादव भी रहे उपस्थित

    दुर्ग / शौर्यपथ / जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने भिलाई नगर में आज वार्ड क्रमांक-3 में छात्रावास के लिए भूमिपूजन किया। छात्रावास का निर्माण 75 लाख रुपये की लागत से किया जायेगा। प्रभारी मंत्री श्री अकबर ने कहा कि इस छात्रावास के बन जाने से छात्रों को भिलाई जैसे एजुकेशन हब में रहकर पढ़ाई करने के लिए सुविधा मिलेगी। मंत्री ने कहा कि भिलाई में शैक्षणिक अधोसंरचना को बेहतर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है शिक्षा के क्षेत्र में एवं युवकों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक कार्य शासन द्वारा किए गए हैं। भिलाई शहर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण सरकार द्वारा किया गया है। श्री अकबर ने कहा कि भिलाई नगर शैक्षणिक सुविधाओं के मामले में अग्रणी रहा है राज्य शासन द्वारा 2 सालों में लगातार ऐसे प्रयास किए गए हैं जिससे भिलाई में शैक्षणिक अधोसंरचना और भी बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में भी स्व-सहायता समूह को आगे बढ़ाकर सरकार आजीविका मूलक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। स्व-सहायता समूह को आगे बढ़ाने के लिए नगरीय क्षेत्रों में एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई है ।
    उन्होंने कहा कि 75 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह हॉस्टल युवाओं के लिए काफी उपयोगी होगा क्योंकि क्योंकि भिलाई में प्रतियोगी परीक्षा के लिए अच्छा माहौल है। प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नागरिक सुविधाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार ने अनेक योजनाएं आरंभ की गई है। पौनी पसारी योजना से लेकर स्लम स्वास्थ्य योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों की सुविधाओं को बढ़ावा देने की हरसंभव पहल की गई है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अभी हाल ही में भिलाई प्रवास के दौरान भी बहुत से महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया। वार्ड कार्यालयों के माध्यम से नागरिकों की समस्या हल की जा रही है। इस महत्वपूर्ण पहल से घर के पास ही वार्ड कार्यालय में पहुंचकर लोग अपनी समस्या का समाधान कर रहे हैं। इस मौके पर भिलाई विधायक एवं महापौर श्री देवेंद्र यादव ने कहा कि नागरिकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर निरंतर नगर में विकास कार्य किये जा रहे हैं।
    भिलाई में युवाओं को आगे बढ़ाने, उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने अधोसंरचना बनाने पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस हॉस्टल की स्थापना से युवाओं को काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि भिलाई में खेलप्रेमी भी काफी संख्या में हैं और खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवा भी। इन्हें सुविधाएं देने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं और बीते 2 वर्षों में महत्वपूर्ण उपलब्धि इस क्षेत्र में अर्जित की गई हैं। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, नगर निगम आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी, उपाध्यक्ष अंतावसायी सहकारी समिति एवं वित्त विकास निगम सुश्री नीता लोधी, श्रीमती तुलसी साहू, प्रभारी सदस्य लोक कर्म एवं राजस्व विभाग नीरज पाल, एल्डरमैन मोहम्मद शादाब, शमशेर बहादुर, नरसिंह नाथ, केशव चौबे, सीजू एंथोनी, जी याकूब सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

    सुबह की गुलाबी ठंड में 10 किमी दौड़े महापौर और पुलिस अफसर


    भिलाई। शौर्यपथ ।  भिलाई नगर विधायक व महापौर देवेंद्र यादव शनिवार की सुबह करीब 6 बजे टाउनशिप में दौड़ लगाने पहुंचे । उनके साथ शहर के एडिशनल एसपी रोहित झा के साथ यातायात डीएसपी गुरजीत सिंह और दुर्ग सीएसपी भी मौजूद रहे।
    सभी ने मिलकर टाउनशिप की सड़कों पर करीब 10 किमी की दौड़ लगाई। व्यायाम किए और जम कर पसीना बहाया। और शहर के आम नागरिकों और युवाओं को रोज सुबह उठ कर दौड़ने और व्ययाम करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महापौर श्री यादव ने कहा कि स्वस्थ मन और स्वस्थ तन के लिए रोज व्ययाम करना बहुत जरूरी है। सभी व्ययाम में दौड़ एक ऐसा व्ययाम है जिससे शरीर के सभी अंग का एक्सरसाइज हो जताया। दौड़ के कई फायदे है। महापौर ने बताया कि
    दौड़ते समय शरीर में एंड्रोफिन जैसे रसायन उत्पन्न होते हैं, जिनसे खुशी का अहसास होता है और हम खुद के बारे में अच्छा महसूस करते हैं। तनाव में कमी आती है।
    दौड़ने समय धमनियां फैलती व संकुचित होती हैं। इससे धमनियों का व्यायाम होता है, साथ ही रक्तचाप नियंत्रित रहता है।
    मजबूत प्रतिरोधक क्षमता
    यदि आप नियमित दौड़ते हैं तो आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और आप छोटे-मोटे रोगों की गिरफ्त में आसानी से नहीं आते।
    हर रोज एक घंटा दौड़ने पर 705 से 865 कैलोरी बर्न होती है। शरीर से चर्बी भी कम होती है।दौड़ने से शरीर का निचला हिस्सा मजबूत होता है। लिगामेंट्स और स्नायुतंत्र में मजबूती आती है।
    हड्डियों का घनत्व बढ़ता है।
    दबाव के दौरान हमारा शरीर हड्डियों तक कुछ अतिरिक्त खनिजों की आपूर्ति करता है, जिनसे हड्डियां मजबूत होती हैं। दौड़ते समय भी यह प्रक्रिया लागू होती है, जिससे समय के साथ हड्डियों का घनत्व बढ़ता है।इस लिए सभी को दौड़ना चाहिए जो किसी कारण से दौड़ नहीं सकते वे सुबह थोड़ी देर पैदल चले। इससे स्वास्थ्य ठीक रहेगा और स्वास्थ्य ठीक रहेगा तो कई लाभ होंगे।
    इस दौरान एडिशनल एसपी रोहित झा ने भी लोगों को प्रेरित करते हुए व्ययाम के लाभ गिनाए और बताया कि वे खुद रोज सुबह दौड़ लगते है और अपनी पूरी पुलिस टीम को रोज दौड़ने के लिए प्रेरित करते है।

    दुर्ग / शौर्यपथ / पूर्व सैनिक सेवा परिषद छग जिला दुर्ग द्वारा 20 दिसम्बर को विजय दिवस का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में परिषद के प्रदेशाध्यक्ष किशोरीलाल साहू, प्रदेश महासचिव पवन निषाद, कोषाध्यक्ष महावीर प्रसाद टण्डन, भुवन लाल व उदय वर्मा ने प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम शहीद स्मारक स्थल, शहीद कौशल यादव नगर,हुडको भिलाई में रविवार 20 दिसंबर को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्यातिथि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू है,कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग सांसद विजय बघेल करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, वैशालीनगर विधायक विद्यारतन भसीन, संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद, दुर्ग विधायक अरुण वोरा, केशव बंटी हरमुख, इंद्रजीत सिंह,जसबीर सिंह चहल विशेष अतिथि दुर्ग कलेक्टर एवं दुर्ग पुलिस अधीक्षक तथा सैन्य विशेष अतिथि कमान अधिकारी 37एनसीसी बटालियन, दुर्ग व जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, दुर्ग उपस्थित रहेंगे।
    दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम कि शुरुआत की जाएगी। शहीदो को श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, ड्राईंग/पेंटिंग प्रतियोगिता, बेस्ट कपल, हाउस गार्डनिंग प्रतियोगिता, देशभक्ति सम्बंधित डांस आदि का भी आयोजन किया जाएगा। विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया जाएगा

    भिलाई / शौर्यपथ / प्रबंधक भिलाई नागरिक सहकारी बैंक मर्या. बी मार्केट, सेक्टर 6, भिलाई को छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 173 एवं 174 के अंतर्गत समय सीमा में बकाया राशि 442480.00 (4 लाख 42 हजार 480) जमा करने नोटिस दिया गया था! परंतु प्रबंधक भिलाई नागरिक सहकारी बैंक मर्या. बी मार्केट, सेक्टर 6, भिलाई द्वारा राशि जमा नहीं की गई है जिस पर आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी ने कुर्की का वारन्ट जारी कर दिया है।
    इसके लिए जोन क्रमांक 5 के प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी मलखान सिंह सोरी को अधिनियम की धारा 175 के तहत् आदेश दिया गया है कि जब तक कि प्रबंधक भिलाई नागरिक सहकारी बैंक मर्या. बी मार्केट, सेक्टर 6, भिलाई समाधान योग्य यह सिद्ध न कर दे कि मांगी गई राशि नगर पालिक निगम, भिलाई को चुका दी गई है तथा जब तक कि मांगी गई राशि चुका न दें वसूली के समस्त खर्च सहित नागरिक सहकारी बैंक मर्या. बी मार्केट, सेक्टर 6, भिलाई के चल सम्पत्ति के अभिहरण या उसकी अचल सम्पत्ति की कुर्की तथा विक्रय द्वारा वसूल धारा 178 के अंतर्गत कार्यवाही की जाये। अधिनियम की धारा 177 के उपबंधों के अधीन रहते हुए वारन्ट में निर्देश अभिहरण करने की दृष्टि से सूर्योदय और सूर्यास्त के बीच किसी भी समय भवन के बाहरी या भीतरी दरवाजे या खिड़की को तोड़कर खोलने के लिए प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी मलखान सिंह सोरी को प्राधिकृत किया गया है साथ ही श्री सोरी 29 दिसंबर 2020 को या उसके पूर्व वारन्ट जारी किये गयेे दिनांक से कुर्क की गई सम्पत्ति की तालिका को भी संलग्न कराएंगे।

    रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कुम्हारी में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में भी शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्य मनुष्य का आभूषण है। बाबा गुरू घासीदास जी ने मनखे मनखे एक समान का सिद्धान्त दिया। उन्होंने करुणा, प्रेम, सत्य, अहिंसा का संदेश दिया। यह बहुत प्रभावशाली संदेश है। इसके माध्यम से देश को आजादी मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु घासीदास के संदेश को सहेजने के लिए नया रायपुर में 10 एकड़ क्षेत्र में गुरु घासीदास संग्रहालय एवं शोध पीठ बनेगा। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के संदेश पर चलकर छत्तीसगढ़ राज्य निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उनके विचार हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। इस मौके पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधि और समाज के लोग उपस्थित थे।

    बाबा गुरु घासीदास के नाम पर नया रायपुर में बनेगा संग्रहालय एवं शोध पीठ
    मिनीमाता के नाम पर बनेंगे डायग्नोस्टिक सेंटर
    राजधानी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए बनेगा 200 सीटर हॉस्टल
    पंथी नृत्य के महान कलाकार स्वर्गीय श्री देवदास बंजारे की स्मृति में राज्य स्थापना दिवस समारोह में पंथी नृत्य पुरस्कार दिए जाएंगे
    गुरु घासीदास सेवा समिति ने भिलाई के सेक्टर 6 में आयोजित किया था कार्यक्रम

    रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बाबा गुरू घासीदास जयंती के अवसर पर चार बड़ी घोषणाएं की। भिलाई के सेक्टर 6 में गुरु घासीदास सेवा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नया रायपुर में गुरु घासीदास जी के नाम पर शोध पीठ एवं संग्रहालय स्थापित करने की घोषणा के साथ ही निगम क्षेत्रों में डायग्नोस्टिक सेंटर आरंभ करने की घोषणा भी की जिनका नाम मिनी माता के नाम पर होगा। मुख्यमंत्री ने पंथी नृत्य के महान कलाकार स्वर्गीय श्री देवदास बंजारे की स्मृति में राज्य स्थापना दिवस समारोह में पंथी नृत्य पुरस्कार आरंभ करने का की घोषणा भी की, साथ ही उन्होंने राजधानी में अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा में सुविधा देने के लिए रहवासी हॉस्टल 200 सीटर क्षमता के निर्माण की घोषणा भी की।
    मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि गुरु घासीदास बाबा का महान संदेश मनखे मनखे एक समान है। यह समानता का सिद्धांत हमारे संविधान का भी अहम हिस्सा है। बाबा जी ने आज से ढाई सौ साल पहले अहिंसा और सत्य का संदेश दिया जो उद्देश्यपूर्ण जीवन का मूल स्रोत है। महात्मा गांधी ने अहिंसा और सत्य के सिद्धांतों पर चलकर देश को आजादी दिलाई। बाबा साहब अंबेडकर ने जब हमारे संविधान का निर्माण किया जो उन्होंने संविधान में समानता की मूल भावना शामिल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ बाबा गुरु घासीदास जी के दिखाए हुए आदर्श पर चल रहा है। हमारा छत्तीसगढ़ का समाज समतामूलक समाज है। हम सब यहां प्रेम और सद्भाव से रहते हैं। बाबा गुरु घासीदास ने हमें प्रेम, अहिंसा, सत्य और करुणा का संदेश दिया है इन्हीं संदेशों पर चलकर छत्तीसगढ़ लगातार तरक्की और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
    इस मौके पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ बाबा गुरु घासीदास और बाबा साहब अंबेडकर के दिखाए आदर्शों पर चल रहा है। बाबा जी ने जो मनखे मनखे एक समान का सिद्धांत दिया था, वह हमारा आदर्श सिद्धांत है हम इसी सिद्धांत पर चलते हुए छत्तीसगढ़ को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर भिलाई के विधायक एवं महापौर देवेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भुनेश्वर बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

    दुर्ग / शौर्यपथ / राज्य शासन द्वारा प्रदेश के चहुमुखी विकास के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होने से धरातल स्तर पर व्यापक परिणाम नजर आएंगे। गांव के साथ-साथ शहरी विकास के लिए राज्य की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई गई हैं। सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि शासन द्वारा संचालित प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन सर्वोच्च प्राथमिकता से करते हुए योजना के उददेश्य को सफल बनाए। यह बात कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने समय-सीमा की बैठक में जिलाधिकारियों से कही। वे शासन द्वारा संचालित फ्लैगशीप योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में समीक्षा कर रहे थे। कलेक्टर ने समय सीमा की बैठक में अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा राज्य की जनता की आवश्यकता और जरूरत को ध्यान में रखकर महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई गई हैं। समय पर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होने से ही सार्थक परिणाम मिल सकेंगे।
    कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रीगणों के द्वारा अपने प्रवास और दौरे के दौरान किए गए घोषणाओं को समय पर पूर्ण कराने कहा है। मंत्रीगणों द्वारा जो घोषणाएं की जाती है वह उस क्षेत्र के विकास के लिए अहम होती है। क्षेत्र की जनता की अपेक्षाएं इन विकास कार्यों से जुड़ी हुई होती हैं, इनका समय में पूर्ण किया जाना आवश्यक होता है। जो घोषणाएं की जाती है इससे संबंधित अधिकारियों को स्वयं रूचि लेकर इसके लिए प्रोजेक्ट तैयार करने कहा है। बैठक में कलेक्टर ने नगरीय निकाय क्षेत्रों में शासकीय भूमि, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, नजूल के उपखंड एवं नजूल पर अतिक्रमण से संबंधित भूमि का चिन्हांकन कर प्रकरण तैयार करने कहा है। साथ ही लंबे अरसे से शासकीय भूमि पर काबिज व्यक्तियों का चिन्हांकन कर नियमानुसार राशि लेकर पट्टे का आबंटन करने के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देश का पालन करने कहा है। जिन पट्टों को निश्चित समय के लिए लीज पर दिया गया है, ऐसे पुराने पट्टों का नवीनीकरण की कार्यवाही में ही गति लाने कहा है।
    स्वच्छ भारत अभियान अंतर्गत आगामी समय में स्वच्छता सर्वेक्षण किया जाना निर्धारित किया गया है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी नगरीय निकाय के अधिकारियों को अपने अपने निकाय क्षेत्रों में पूर्ण साफ-सफाई, सीवरेज सिस्टम, शौचालय की स्थिति के आधार पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए व्यवस्था दुरूस्त करने कहा गया है। आम जनता की स्वास्थ्य सुविधा के लिए शासन द्वारा मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना संचालित किया गया है। जिसका उददेश्य आम नागरिकों को अपने घर के समीप स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है। इसका बेहतर क्रियान्वयन हो इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग किया जाना आवश्यक है। मोबाइल मेडिकल यूनिट से क्रमवार वार्डों मंे शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने और उनकी समस्या का समाधान करने भी कहा गया है।
    कलेक्टर ने कहा कि गोधन न्याय योजना शासन की अतिमहत्वकांक्षी योजनाओं में से एक है, इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदारी है कि इसका बेहतर क्रियान्वयन कर इसे सफल बनाएं। योजनांतर्गत गोबर की खरीदी करने से लेकर कम्पोस्ट खाद बनाने और उसकी बिक्री का सुचारू संचालन करें। उन्होंने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए सभी खरीदी केन्द्रों में व्यापक व्यवस्था बनाने कहा है। संबंधित अधिकारियों को खरीदी केन्द्र का नियमित निरीक्षण करने के साथ-साथ धान के उठाव में भी सार्थक पहल करने कहा है। धान विक्रय के लिए उपार्जन केन्द्र में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इस पर भी विशेष ध्यान देने कहा है।

    भिलाई / शौर्यपथ / कैट और एमएसएमई के कैट के प्रहलाद रूंगटा, पवन बडज़ातिया, मोहम्मद अली हिरानी सहित अन्य सदस्यों ने कलेक्टर डॉ. नरेन्द्र भूरे को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा लगातार एफडीआई नीति और अन्य कानूनों का उल्लंघन करने पर उनके विरूद्ध कार्यवाही करने कहा है। इन्होंने ज्ञापन के माध्यम से बताया है कि डिजिटल इंडिया तेज़ी से अपनाने के लिए आपके आह्वान के मद्देनजर देश भर के व्यापारियों ने कन्फेडरेशन अॅाफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के देशव्यापी अभियान के अंतर्गत डिजिटल कॉमर्स को उत्साहपूर्वक अपनाया है। हालाँकि, हमें यह बताते हुए अत्यंत पीड़ा हो रही है कि बड़ी विदेशी ई-कॉमर्स कंपनियों ने अपने असीमित संसाधनों के बल पर सरकार की एफडीआई नीति और सम्बंधित कानूनों , नियमो का निरंतर उल्लंघन करते हुए भारत के ई-कॉमर्स व्यवसाय और करोड़ों व्यापारियों द्वारा खुदरा व्यापार करते हुए अपनी रोजी रोटी कमाने को बर्बाद करने तथा देश के रिटेल व्यापार पर अपना एकाधिकार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है !
    यह बहुत ही खेदजनक है की उनके खिलाफ कई शिकायतें करने के बावजूद उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और इसलिए यह विषय देश भर के छोटे व्यापारी के लिए ऑनलाइन व्यापारिक गतिविधियों से जुडऩे तथा डिजिटल कॉमर्स में आत्मनिर्भर बनने के लक्ष्य में बेहद रूकावट बन गया है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कानून के संरक्षक होने के बावजूद विभिन्न सरकारी विभाग सरकार की नीति को इन कंपनियों द्वारा पालन करवाने में विफल रहे हैं। हालाँकि केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय ने बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा अपनी व्यावसायिक गतिविधियों को कानून के दायरे में संचालन करने के लिए अनेक कदम उठाये हैं लेकिन ये ई-कॉमर्स कंपनियां किसी न किसी बहाने से कानून से बचती रही हैं और ऐसा माहौल बना लिया है कि भारत में कोई कानून उनके अर्मयादित व्यापार मॉडल को रोकने में सक्षम नहीं है। ऐसी स्थिति में सरकार द्वारा शुरू किए गए लोकल पर वोकल एवं आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी विपरीत रूप से प्रभावित कर रही हैं और भारत के व्यापारियों के लिए व्यापार करने की स्तिथि को दूषित कर रहा है ।
    कैट के सदस्यों ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि ऐसी ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भारत में ई-कॉमर्स व्यवसाय को विनियमित करने और निगरानी करने के लिए एक सशक्त रेगुलेटरी अथॉरिटी के स्पष्ट प्रावधान के साथ एक ई-कॉमर्स नीति को तुरंत घोषित किया जाए । यह भी अनुरोध है कि एफडीआई नीति के प्रेस नोट 2 की विसंगतियों और असमानताओं को दूर करते हुए और सरकार को एक नवीन एवं स्पष्ट प्रेस नोट जारी किया जाना चाहिए।
    लोकल पर वोकल और आत्मनिर्भर भारत अभियान
    देश भर के व्यापारी लोकल पर वोकल और आत्मनिर्भर भारत जैसे गतिशील अभियान के आपके आह्वान को सरकार की प्राथमिकताओं को भली भांति दर्शाते है। यह अभियान न केवल अपने देश की संस्कृति और विरासत को विश्वपटल पर उजागर करेगा बल्कि घरेलू उत्पादकों को अपनी निर्माण क्षमता में वृद्धि करने के लिए प्रोत्साहित करेगा जिससे अधिक एवं बेहतर गुणवत्ता वाले सामान का उत्पादन किया जा सके और देश भर के लोगों को केवल भारतीय वस्तुओं को उपयोग करने के लिए आक्रामक रूप से प्रेरित किया जा सके। कैट ने पहले ही से भारत के व्यापारिक समुदाय और लोगों के बीच भारतीय सामान - हमारा अभिमान का एक राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है और देश के सभी भागों के नागरिकों ने उत्साहपूर्ण समर्थन भी दिया है । इस अभियान को देश के जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमारा सुझाव है की व्यापारी, उपभोक्ता, नागरिक,समाज और छोटे निर्माताओं के प्रतिनिधियों के साथ सरकारी अधिकारियों की एक संयुक्त समिति का गठन राष्ट्रीय स्तर, राज्य स्तर और प्रत्येक राज्य के प्रत्येक जिला स्तर पर किया जाना चाहिए जिससे कि अभियान को जमीनी स्तर पर पहुंचाया जा सके और इस के साथ जुडऩे के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रोत्साहित किया जा सके। इसलिए इस दोनों मुद्दे पर गंभीर रूप से विचार करते हुए इस सम्बन्ध में सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के लिए निर्देशित करेंगे।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision