Print this page

पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत कर रही है सरकार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

  • rounak group

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री, गांवों के विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका बताई अहम

रायपुर ।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि डबल इंजन की सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में गांवों के समग्र विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर स्थित डीडीयू ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से ही गांवों का समग्र विकास संभव है और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सकता है।

पंचायत से शुरू हुआ मेरा राजनीतिक सफर: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंच और सरपंच के रूप में की थी। पंचायत स्तर पर कार्य करते हुए प्राप्त अनुभव ही आगे की जिम्मेदारियों के निर्वहन में सहायक बने। उन्होंने कहा कि आज अनेक जनप्रतिनिधि पंचायत से अपना सफर शुरू कर देश के उच्च सदनों तक पहुंचे हैं। गांवों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और जमीनी स्तर पर बेहतर कार्यों से ही प्रभावी नीतियां तैयार होती हैं।

ग्रामीण विकास योजनाओं से गांवों में आया बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ग्रामीणों को पक्के मकान उपलब्ध हो रहे हैं और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए बैंकिंग, बिजली बिल भुगतान, पेंशन और बीमा जैसी सेवाएं अब ग्रामीणों के लिए सुलभ हो गई हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। महिलाओं के लिए महतारी सदन का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है, जिनसे महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से पंचायतों में संचालित सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन 2.0 के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सुशासन तिहार में निभाएं सक्रिय भूमिका

मुख्यमंत्री ने आगामी सुशासन तिहार का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों की समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के तहत लंबित बिजली बिलों पर सरचार्ज माफी और अतिरिक्त रियायत का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाने की अपील की।

पंचायतों को हर संभव संसाधन उपलब्ध कराएगी सरकार

राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मंशा के अनुरूप अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा रही है।

सम्मेलन को सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भी संबोधित किया।


मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं के स्टालों का किया अवलोकन

मेगा स्वास्थ्य शिविर और नवाचार आधारित योजनाओं की सराहना

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जिला प्रशासन रायपुर द्वारा आयोजित विभिन्न परियोजनाओं के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रोजेक्ट छांव के अंतर्गत आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर की सराहना की तथा सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से चर्चा कर उनके आजीविका संवर्धन के प्रयासों की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने नवजात शिशुओं में जन्मजात हृदय रोगों की पहचान हेतु प्रोजेक्ट धड़कन, देहदान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोजेक्ट दधीचि, किसानों को नवाचार से जोड़ने के लिए प्रोजेक्ट नैनो, प्रोजेक्ट रचना, प्रोजेक्ट स्मृति पुस्तकालय, प्रोजेक्ट पाई-पाई, ग्लोबल गांव, ज्ञान भारतम, प्रोजेक्ट सिग्नल, मेरा गांव मेरी पहचान, प्रोजेक्ट अजा और प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी सहित विभिन्न नवाचार आधारित परियोजनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं आर्थिक सहायता भी वितरित की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट आरोग्यम के कटआउट और प्रोजेक्ट हैंडी के अंतर्गत तैयार शासन की योजनाओं की संक्षिप्त पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा संचालित इन गतिविधियों को आमजन के लिए लाभकारी बताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक श्री अनुज शर्मा, विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन सहित त्रि-स्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ