नई दिल्ली /शौर्यपथ/
एयर इंडिया 69 वर्ष बाद एक बार फिर से अपने संस्थापक टाटा समूह की हो गई है. इस बीच शुक्रवार को जो भी लोग एयर इंडिया की उड़ानों में यात्रा करेंगे, उन्हें आज टाटा ग्रुप के अधिग्रहण के बारे में अनाउंसमेंट सुनने को मिलेगी. एक आधिकारिक आदेश में एयरलाइन के पायलटों को शुक्रवार को हर उड़ान पर यह घोषणा करने के लिए बोला गया है.
आदेश के अनुसार, अनाउंसमेंट इस प्रकार होगी. "डियर गेस्ट, मैं आपका कैप्टन (नाम) बोल रहा हूं . इस ऐतिहासिक उड़ान में आपका स्वागत है. आज एयर इंडिया आधिकारिक तौर पर सात दशकों के बाद फिर से टाटा समूह का हिस्सा बन गई है. हम इस विमान पर व एयर इंडिया की हर उड़ान में नई प्रतिबद्धता और जुनून के साथ आपकी सेवा करने के लिए तत्पर हैं. एयर इंडिया के भविष्य में आपका स्वागत है! हमें उम्मीद है कि आप यात्रा का आनंद लेंगे. धन्यवाद. "