भिलाई / शौर्यपथ / नवरात्रि के पावन पर्व पर युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल द्वारा इस वर्ष भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ स्थापना पूजा के साथ आज विधि-विधान से किया गया। इस बार का पंडाल अपने अनूठे “ड्रैगन थीम” और आकर्षक कलात्मकता के कारण भक्तों और दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना है।
पंडाल में चलित ड्रैगन की झाँकियाँ, रंग-बिरंगी रोशनी, पहाड़ और जंगल की अद्भुत सजावट दर्शकों को अलौकिक अनुभूति कराएगी। इसके बीच विराजमान विशाल ड्रैगन और 13 फीट ऊँची माँ दुर्गा की प्रतिमा आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर सभी को भक्ति में डुबो देगी।
समिति ने भक्तों की सुविधा के लिए भोजन स्टॉल, मेले, झूले और निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था भी की है, ताकि परिवारजन और श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के उत्सव का आनंद उठा सकें।
गौरतलब है कि युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल ही छत्तीसगढ़ की वह संस्था है, जो लगातार तीनों प्रमुख पर्व — श्री गणेश उत्सव, दुर्गा पूजा और दशहरा — को पूरे उल्लास और जनभागीदारी के साथ मनाती आ रही है। इस वर्ष समिति का आयोजन 30वें दशहरा पर्व का भी हिस्सा है।
समिति के अध्यक्ष चन्ना केशवलू ने नगरवासियों और प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित इस अद्वितीय पंडाल में पहुँचकर माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करें और भक्ति, आस्था एवं उल्लास से ओतप्रोत इस सांस्कृतिक संगम का हिस्सा बनें।