राजनांदगांव/शौर्यपथ /
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर राज्य में चिटफंड कंपनियों के खिलाफ कार्यवाहियां तेज की गई है। पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा के निर्देशाअनुसार व पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के मार्गदर्शन में चिटफंड कंपनी के फरार आरोपियो की धरपकड़ हेतु निर्देशित करने पर शासन की मंशानुसार पता तलाश हेतु देश के अलग-अलग ठिकानों पर टीम भेजकर गिरफ्तारी की जा रही हैं।
इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा, नगर पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निगरानी में थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 291/21 धारा 406, 420 भादंवि के फरार आरोपी मुकेश मोदी पिता प्रकाश राज मोदी उम्र 62 साल निवासी मोदीलेन आदर्श नगर सिरोही थाना कोतवाली जिला सिरोही राजस्थान व राहुल मोदी पिता बिरेन्द्र मोदी उम्र 36 साल निवासी मोदीलेन आदर्श नगर सिरोही थाना कोतवाली जिला सिरोही राजस्थान के संबंध में जानकारी मिली कि उक्त दोनों आरोपी के खिलाफ राजस्थान प्रदेश के ंअलग-अलग थानों में लगभग 150 अपराध पंजीबद्ध हैं
तथा पिछले कई सालों से जेल में हैं। राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, बड़मेर, सिरोही जेल में पता करने पर पता चलता था कि कुछ दिन पहले इन जेलों से दूसरे जेलों पर स्थानांतरण होकर जा चुके हैं। 6 मई को जानकारी मिली कि उक्त दोनों आरोपीगण में हैं राजनांदगांव के एक टीम सउनि महेश राजपूत के नेतृत्व में रवाना किया गया, किन्तु जयपुर पहुंचने पर पता चला कि उक्त दोनों आरोपीगण माउंटआबू गुजरात बार्डर के पास जिला सिरोही में हैं, इस पर नगर पुलिस अधीक्षक से मार्गदर्शन प्राप्त कर टीम को जिला सिरोही राजस्थान जाने का निर्देश प्राप्त होने पर टीम को जयपुर से सिरोही रवाना किया गया आरोपीगण सिरोही (राजस्थान) में मिलने पर राजनांदगांव पुलिस दोनों आरोपीगण राहुल मोदी व मुकेश मोदी को पुलिस थाना कोतवाली राजनांदगांव लेकर आये।
थाना कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपीगणों को माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश कर पूछताछ एवं गिरफ्तारी की अनुमति लेकर गिरफ्तार कर परिस्थिति के अनुसार पुलिस रिमांड या ज्युडिसियल रिमांड पर लिया जायेगा।
प्रकरण में प्रार्थी संदीप सिंह भदौरिया पिता देवेन्द्र कुमार भदौरिया निवासरी सहदेव नगर वार्ड नंबर 23 द्वारा दिनांक 04.06.2021 को थाना उपस्थित आकर एक रिपोर्ट दर्ज कराया था कि कामठी लाईन खंडेलवाल होटल के पास स्थित आदर्श क्रेडिट कॉपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के डायरेक्टर द्वारा एक लाख बहत्तर हजार रूपये का धोखाधड़ी कर फरार हो गया। उक्त कंपनी का ऑफिस बंद हो गया तथा फोन लगाने पर फोन रिसीव नहीं किये।
प्रार्थी द्वारा अपने आपको ठगी के शिकार होने के एहसास पर थाना में प्रथम सूचना पत्र दर्ज कराया गया। प्रथम सूचना पत्र दर्ज करने पश्चात आरोपीगणों की पतासाजी लगातार की जा रही थी।
विवेचना के दौरान जिला कार्यालय राजनांदगांव से जानकारी प्राप्त की गई तो पता चला कि आदर्श क्रेडिट कॉपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के डायरेक्टर द्वारा लगभग 356 लोगों से लगभग तीन से पांच करोड़ रूपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गये।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना कोतवाली राजनांदगांव द्वारा लगातार चिटफंड कंपनी के फरार आरोपियों की धरपकड़ की जा रही हैं। जिसमें प्रमुख रूप से अनमोल इंडिया के डायरेक्टर, सहारा इंडिया के सहायक कंपनी के डायरेक्टरों की गिरफ्तारी, सनसाईन इन्फ्राबिल्ड के डायरेक्टरों की गिरफ्तारी व आदर्श क्रेडिट कॉपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के डायरेक्टर की गिरफ्तारी की गई हैं और आगे भी जारी किया गया हैं। पूछताछ पर पता चला कि आदर्श को ऑपरेटिव के डायरेक्टरों के पास राजस्थान में लगभग 9 हजार करोड़ की संपत्ति हैं।
दो दिन पूर्व भी सहारा कंपनी के 4 आरोपीगण डायरेक्टरों की गिरफ्तारी कर माननीय न्यायालय पेश किया, जहां पर आरोपीगण ने माननीय न्यायालय में शपथ पत्र देकर कहां है कि सभी निवेशको की पूरी-पूरी रकम की वापसी की जाएगी।